
Delhi NCR Heavy Rain Car Damag: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (Delhi-NCR) में हो रही आफत की बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच दक्षिण दिल्ली के देवली क्षेत्र से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां मूसलाधार बारिश के चलते एक निजी पार्किंग स्थल की बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई। दीवार के मलबे के नीचे दबने से करीब 8 से 10 लग्जरी और अन्य चार पहिया गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रभावित वाहन मालिकों में दिल्ली नगर निगम (MCD) और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। उनका आरोप है कि सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क और पूरी लेन की खुदाई की गई थी, लेकिन बारिश के पानी और सीवेज की निकासी का उचित इंतजाम नहीं किया गया। इससे खोदे गए हिस्से में लगातार पानी जमा होता रहा और दीवार की नींव के आसपास की मिट्टी कमजोर होती गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे करीब 8 साल से हर महीने 1,500 से 1,800 रुपए देकर अपनी गाड़ियां इस निजी पार्किंग में खड़ी कर रहे थे, लेकिन इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई।
देवली में हुआ यह हादसा दिल्ली-NCR में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव से पैदा हुए हालात की एक बड़ी तस्वीर दिखाता है। पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त के शुरुआती दिनों में ही दिल्ली में 127 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव, यातायात बाधित होने और निर्माणाधीन इलाकों में हादसों का खतरा बढ़ गया है।
दिल्ली के संगम विहार, नोएडा, गुरुग्राम, रोहतक और फरीदाबाद में सड़कें जलमग्न हैं। गुरुग्राम और हरियाणा के करीब 10 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जगह-जगह जलभराव के कारण राजधानी की रफ्तार थम सी गई है।