Delhi Elections 2025: दिल्ली चुनाव 2025 के लिए चुनाव प्रचार में उतरे सीएम योगी ने अरविंद केजरीवाल ने 12 सवाल पूछे। साथ ही यमुना नदी में नहाने की चुनौती भी दी। सीएम योगी के सवालों का भीड़ ने हाथ हिलाकर और नारे लगाकर समर्थन किया।
Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी के तहत गुरुवार को सीएम योगी ने भाजपा के लिए दिल्ली में दो जगह चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इसकी शुरुआत उन्होंने दिल्ली के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र से की। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर कई सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने महाकुंभ 2025 का जिक्र करते यमुना नदी की सफाई का मुद्दा भी उठाया। सीएम योगी ने कहा "एक मुख्यमंत्री होने के नाते मैं अपने मंत्रियों समेत महाकुंभ 2025 में प्रयागराज जाकर गंगा जी में स्नान कर सकता हूं तो क्या दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के मुखिया होने के नाते अरविंद केजरीवाल यमुना जी में स्नान कर सकते हैं? अगर उनमे नैतिक साहस है तो उनको इसका जवाब देना चाहिए। किराड़ी के बाद सीएम योगी ने दिल्ली के करोल बाग विधानसभा क्षेत्र के देवनगर में गुरुवार को ही दूसरी रैली को भी संबोधित किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को शाम करीब साढ़े तीन बजे दिल्ली के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के दुर्गा चौक प्रेम नगर में पहली रैली को संबोधित किया। किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में पूर्वांचल के लोगों की संख्या ज्यादा है। किराड़ी विधानसभा सीट से भाजपा ने बजरंग शुक्ला को चुनावी मैदान में उतारा है। बजरंग शुक्ला यूपी के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं।
सीएम योगी ने पूर्वांचलियों के अपमान का जिक्र करते हुए बजरंग शुक्ला के पक्ष में वोट भी मांगे। सीएम योगी आदित्यनाथ की दिल्ली में एक दर्जन से ज्यादा रैलियां और जनसभाएं होनी हैं। इसके साथ ही भाजपा ने दिल्ली में चुनाव प्रचार के लिए दिग्गजों की सेना तैयार की है। जिन्हें क्षेत्र और जनसंख्या के हिसाब से जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
दिल्ली में रैली को संबोधित करते हुए गुरुवार को सीएम योगी ने आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से 12 सवाल पूछे। सीएम योगी के सवालों का जनता ने हाथ हिलाकर और नारे लगाकर समर्थन किया। दिल्ली में तीन बार से लगातार चुनाव जीत रही आम आदमी पार्टी चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश में है। जबकि भाजपा भी चुनाव जीतने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। वहीं कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए प्रयासरत है।