नई दिल्ली

IRS अफसर की बेटी को तीसरी मंजिल से घसीटकर तिजोरी तक लाया, राहुल पर लाखों का कर्ज, कई दफा अफसर ने भी कर्ज चुकाया

IRS Officer Daughter Case: दिल्ली में आईआरएस अफसर की बेटी की हत्या और रेप के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। आरोपी नौकर राहुल मीणा, जो ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण लाखों के कर्ज में डूबा था, ने लूट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी की मदद से आरोपी को दबोच लिया है।

2 min read
Apr 23, 2026
Feature image
PHOTO ANI

IRS Officer Daughter Case: दिल्ली में एक आईआरएस अफसर के घर काम करने वाले पूर्व नौकर राहुल मीणा की हैवानियत ने सबको झकझोर दिया है। राहुल करीब 8 महीने से घर में काम कर रहा था, लेकिन उसकी हेराफेरी और ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण उसे डेढ़ महीने पहले काम से निकाल दिया गया था। जांच में पता चला कि राहुल पर लाखों का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए अक्सर अफसर खुद आगे आते थे और यहां तक की उसने अफसर के पड़ोसियों तक से पैसे उधार लिए थे।

यूपीएससी की तैयारी कर रही बेटी को बनाया निशाना

पीड़िता अपने पिता के जैसे ही बड़ी अफसर बनने का सपना लेकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। 24 मई को उसकी प्रारंभिक परीक्षा थी, जिसके लिए वह घर की तीसरी मंजिल पर बने स्टडी रूम में पढ़ाई करती थी। आरोपी राहुल को परिवार की दिनचर्या का पूरा पता था। जब अफसर और उनकी पत्नी जिम गए, तब वह चुपके से घर में घुसा और तीसरी मंजिल पर अकेली पढ़ रही युवती पर हमला कर दिया।

तिजोरी खोलने के लिए की दरिंदगी की सारी हदें पार

पूछताछ में राहुल ने कबूल किया कि वह बेहोश पीड़िता को घसीटते हुए निचली मंजिल पर रखी तिजोरी तक लाया। उसने पीड़िता की खून से सनी उंगली का उपयोग कर बायोमेट्रिक लॉकर खोलने की नाकाम कोशिश की। जब तिजोरी नहीं खुली, तो उसने भारी वस्तु से वार किया, रेप किया और अंत में मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह स्क्रूड्राइवर से तिजोरी तोड़कर 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।

राजस्थान में भी की थी वारदात, डिजिटल ट्रेल से पकड़ा गया

दिल्ली पहुंचने से ठीक एक दिन पहले राहुल ने अलवर में अपने दोस्त की पत्नी के साथ भी दुष्कर्म किया था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया। आरोपी चोरी के मोबाइल से होटल का वाई-फाई इस्तेमाल कर रहा था। आईपी एड्रेस और इंस्टाग्राम चैट के जरिए पुलिस ने उसकी सटीक लोकेशन ट्रैक की। सीसीटीवी फुटेज में भी वह अलग-अलग कपड़ों और बैकपैक के साथ घर में प्रवेश करते और निकलते हुए कैद हुआ था।

Published on:
23 Apr 2026 05:48 pm