नई दिल्ली

दिल्ली में CJP का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी, दीपके ने लगाया शौचालयों की पानी सप्लाई काटने का आरोप

Jantar Mantar Protest: नीट (NEET) परीक्षा के बीच दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का धरना दूसरे दिन भी जारी। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने काटी शौचालयों की पानी सप्लाई।
2 min read
Delhi cjp protest
दिल्ली में CJP का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी

CJP Protest Delhi: जंतर-मंतर पर डटे 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार सुबह आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने आंदोलनकारियों को जबरन साइट से हटाने (खदेड़ने) के लिए सार्वजनिक शौचालयों की पानी की सप्लाई काट दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस के तमाम दबावों और वहां से हटने के आदेशों के बावजूद उनका यह धरना प्रदर्शन आज भी जारी रहेगा और वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

नीट (NEET) परीक्षार्थियों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

आज (21 जून) देश के 5,424 केंद्रों पर करीब 22 लाख से अधिक उम्मीदवार नीट की दोबारा आयोजित हो रही परीक्षा में बैठ रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले सीजेपी के मुखिया दीपके ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने एक भावुक अपील करते हुए कहा कि परीक्षा खत्म होने के बाद सभी पीड़ित छात्र जंतर-मंतर पर जारी इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनें, ताकि सरकार की जवाबदेही तय की जा सके।

'थाली और चम्मच' बजाकर अनोखा विरोध,

इससे पहले शनिवार को प्रदर्शन के पहले दिन सीजेपी के समर्थक जंतर-मंतर पर हाथों में थाली और चम्मच लेकर पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने जमकर थाली-चम्मच बजाकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के नारे लगाए। यह अनोखा तरीका साल 2020 में कोविड महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में थाली बजाने के आह्वान की याद दिलाता है, जिसे इस बार व्यंग्यात्मक रूप से विरोध का जरिया बनाया गया। दीपके ने सोशल मीडिया पर पहले ही कहा था कि जंतर-मंतर आने वाले सभी लोग अपने साथ थाली और चम्मच लेकर आएं, आगे की कहानी आप खुद जानते हैं।

देश के अलग-अलग कोनों से पहुंचे छात्र

शनिवार को शुरू हुए इस अनिश्चितकालीन धरने में बिहार से आए न्यायिक सेवा के अभ्यर्थी, मुंबई के छात्र और कई नीट परीक्षार्थियों के दोस्त शामिल हुए। दिल्ली के एक 18 साल ते छात्र हुनर जैन ने बताया कि मेरी एक सहेली ने नीट के लिए पूरा साल ड्रॉप लिया था। मई में पेपर देने के बाद वह बहुत खुश थी, लेकिन पेपर लीक की खबर ने उसे तोड़ दिया। एक महीने से हम सब उसकी काउंसलिंग कर रहे हैं। इस धांधली के कारण छात्रों का परीक्षाओं से भरोसा उठ चुका है।' प्रशासनिक मुस्तैदी और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच जंतर-मंतर पर छात्रों का गुस्सा लगातार फूट रहा है और आंदोलनकारी शिक्षा मंत्रालय से ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

Updated on:
21 Jun 2026 11:52 am
Published on:
21 Jun 2026 11:52 am