नई दिल्ली

Delhi Metro: उद्घाटन के 4 दिन बाद चोर काट ले गए 1 km लंबा तार, मैजेंटा लाइन ठप, पुलिस कर रही छापेमारी

Delhi Metro Theft: दिल्ली मेट्रो की नई मैजेंटा लाइन पर चोरी की बड़ी घटना हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को ही इस लाइन का उद्घाटन किया था। चोरी की वजह से सिग्नलिंग सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया।
2 min read
Delhi Metro Magenta Line theft
मैजेंटा लाइन पर केबल चोरी (Photo: IANS)

दिल्ली मेट्रो की नई शुरू हुई मैजेंटा लाइन के दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर सेवा गुरुवार सुबह बाधित हो गई, जब अज्ञात चोरों ने करीब 1,000 मीटर सिग्नलिंग केबल चोरी कर ली। यह घटना उस समय सामने आई जब मेट्रो सेवा शुरू होने से पहले निरीक्षण किया गया। पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।

सिग्नलिंग सिस्टम हुआ ठप

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के प्रमुख कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल के मुताबिक केबल चोरी के कारण सिग्नलिंग सिस्टम प्रभावित हो गया। इसके चलते भलस्वा और मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के बीच ट्रेनों को 25 किमी प्रति घंटे की सीमित गति से चलाना पड़ा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

पीएम मोदी ने 4 दिन पहले किया था उद्घाटन

गौरतलब है कि इस 9.9 किमी लंबे स्ट्रेच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते रविवार को किया था। नई लाइन के शुरू होने के सिर्फ चार दिन बाद ही केबल चोरी की घटना सामने आने से सवाल उठने लगे हैं।

रात में किया गया मरम्मत कार्य

दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए गुरुवार रात सेवा समाप्त होने के बाद मरम्मत और केबल बहाली का काम शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:20 बजे मजलिस पार्क के सिग्नल कंट्रोलर से सूचना मिली कि सिग्नलिंग सिस्टम बंद हो गया है। जांच में पता चला कि लगभग 1,000 मीटर केबल चोरी कर ली गई है।

जंगल में तार पिघलाते पकड़ा गया आरोपी

मौके पर पहुंची पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग टीम ने पास के जंगल में कुछ लोगों को तार जलाकर तांबा निकालते हुए देखा। वहां पुलिस ने जहांगीरपुरी निवासी 28 वर्षीय शेख सफीक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 170-180 मीटर जली हुई केबल बरामद की गई। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

आजादपुर मेट्रो पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और डीएमआरसी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस और DMRC की टीमों ने संभावित संवेदनशील स्थानों का संयुक्त सर्वे भी किया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, केबल चोरी की घटनाएं आमतौर पर आधी रात के बाद से सुबह 4 बजे के बीच होती हैं, जब मेट्रो सेवा बंद रहती है। इससे पहले 11 जनवरी को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी केबल चोरी की कोशिश के कारण सेवा प्रभावित हुई थी। तब लगभग 800 मीटर सिग्नलिंग केबल क्षतिग्रस्त पाए गए थे।

दिल्ली मेट्रो की केबल क्यों होती है चोरी?

अधिकारियों ने बताया कि केबल में मौजूद तांबा (कॉपर) और एल्युमीनियम काफी महंगा बिकता है। इसी वजह से चोर रात के समय डक्ट से चढ़कर केबल काट लेते हैं और अपने साथियों की मदद से उन्हें ले जाकर बेच देते हैं। दिल्ली मेट्रो और पुलिस ने अब इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए गश्त बढ़ाने का फैसला किया है।

Updated on:
13 Mar 2026 03:25 pm
Published on:
13 Mar 2026 02:59 pm