नई दिल्ली

प्यार, शक और फिर कत्ल, दिल्ली में मॉडल की हत्या ने खोली रिश्ते की कहानी; बॉयफ्रेंड मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Delhi Murder Latest News: दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की मॉडल मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में उसके बॉयफ्रेंड इमरान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में रिश्ते में शक, विवाद और लगातार तनाव की बात सामने आई है।
3 min read
Delhi Crime News
तिलक नगर में 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान शर्मा की हत्या मामले में आरोपी बॉयफ्रेंड को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। (फोटो सोर्स-@akapatty85)

Delhi Model Murder Case: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की मॉडल और दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा मुस्कान शर्मा की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में उसके कथित बॉयफ्रेंड इमरान को शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में दोनों के रिश्ते में लंबे समय से चल रहे झगड़े, शक और तनाव की बात सामने आई है।

आरोपी ने चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

मुस्कान शर्मा हत्याकांड के आरोपी इमरान को पकड़ने के लिए पुलिस ने राजौरी गार्डन इलाके में जाल बिछाया था। पुलिस को उसके नाला रोड की तरफ आने की जानकारी मिली थी। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा और उसकी नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल हालत में आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अस्पताल में ही उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब उससे पूछताछ की जा रही है।

मिलने आया था, कुछ देर बाद घर में मिली लाश

यह घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे ओल्ड महावीर नगर में हुई। पुलिस के मुताबिक, मुस्कान उस समय घर में अकेली थी। इसी दौरान इमरान उससे मिलने पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई और मामला इतना बढ़ गया कि इमरान ने कथित तौर पर पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू से उसके सीने और पेट पर तीन वार कर दिए।

करीब एक घंटे बाद घर में काम करने वाली महिला वहां पहुंची तो मुस्कान खून से लथपथ पड़ी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अपने साथ चाकू लेकर आया था। इसी वजह से पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या गुस्से में अचानक हुई या इसकी पहले से तैयारी की गई थी।

भाई ने बताया इस युवक पर था शक

मुस्कान के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन पास में रहने वाले एक युवक को जानती थी और उसे शक था कि हत्या के पीछे वही हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली।

CCTV में इमरान शाम करीब 5:40 बजे बिल्डिंग में जाता और करीब 6:05 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

डेढ़ साल से रिश्ते में थे दोनों

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मुस्कान और इमरान एक-दूसरे को करीब दो साल से जानते थे। दोनों लगभग डेढ़ साल से रिश्ते में थे। बताया जा रहा है कि उनकी मुलाकात उस जिम में हुई थी, जहां इमरान पहले काम करता था।

पुलिस को मुस्कान के मोबाइल से मिली बातचीत में दोनों के बीच तनाव की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि इमरान अक्सर मुस्कान पर शक करता था और उस पर धोखा देने का आरोप लगाता था। परिवार की ओर से पिछले महीने उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है।

आरोपी का नशे से भी रहा है नाता

जांच में यह भी सामने आया कि इमरान को नशे की लत थी और वह नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा चुका था। इसी महीने भी वह वहां गया था, लेकिन कुछ दिन बाद वापस लौट आया। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ 2021 में भी एक आपराधिक मामला दर्ज हुआ था।

मां के लिए बेहतर जिंदगी चाहती थी मुस्कान

मुस्कान सिर्फ 21 साल की थी, लेकिन अपने कॅरियर को लेकर काफी गंभीर थी। वह मॉडलिंग और फैशन से जुड़े काम करती थी। ब्राइडल वियर ब्रांड्स और मेकअप आर्टिस्ट्स के साथ फोटोशूट और प्रमोशनल काम भी करती थी।

इसके साथ ही वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से पढ़ाई कर रही थी। परिवार के मुताबिक, मुस्कान बहुत मेहनती थी और अपनी मां के लिए बेहतर जिंदगी बनाना चाहती थी। उसका सपना आगे चलकर यूरोप जाने का भी था।

Updated on:
28 Aug 2026 09:21 am
Published on:
28 Aug 2026 09:06 am