नई दिल्ली

दिल्ली में बड़ा हादसा: खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में डूब गये सगे भाई, परिवार में मचा कोहराम

Delhi Children Drowning: दिल्ली के मुखमेलपुर इलाके में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
two child drown in delhi
दिल्ली में डूबने से दो भाइयों की मौत (पत्रिका सांकेतिक तस्वीर)

Delhi News: राजधानी दिल्ली में मानसूनी बारिश के बाद जलभराव की वजह से एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में रविवार रात को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बारिश के पानी से लबालब भरे गड्ढे में दो मासूम बच्चे गिर गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेतों के बीच बना गड्ढा बना काल, दमकल विभाग को दी गई सूचना

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 बजकर 55 मिनट पर मुखमेलपुर इलाके में बच्चों के पानी में डूबने की सूचना मिली थी। बताया गया कि दोनों बच्चे बाहरी उत्तरी दिल्ली के मुखमेलपुर में स्थित एक कृषि क्षेत्र में खेल रहे थे, जहां बारिश के पानी से एक गहरा गड्ढा भरा हुआ था। खेलते-खेलते दोनों बच्चे अचानक उस गड्ढे में गिर गए और लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया और दमकल विभाग की रेस्क्यू टीमों को तुरंत मौके पर रवाना कर खोजबीन अभियान शुरू किया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें, जिंदपुर के रहने वाले थे मासूम

फायर ऑफिसर विजेंद्र सिंह ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती सूचना मुखमेलपुर नहर में बच्चों के डूबने की मिली थी, लेकिन जब तक दमकल की टीमें मौके पर पहुंचतीं, उससे पहले ही सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (CATS) बच्चों को निकालकर अस्पताल ले जा चुकी थी। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चे नहर में नहीं, बल्कि खेतों के बीच बने एक गहरे गड्ढे में गिरे थे।

हादसे का शिकार बने मासूमों की पहचान हो गई है। इनमें से एक 8 वर्षीय आयुष है और दूसरा 9 वर्षीय नीतीश है। उनके पिता का नाम कन्हैया है। ये दोनों बच्चे जिंदपुर इलाके के उत्तराखंड एन्क्लेव के रहने वाले थे। इस घटना के बाद से उनके घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन दिन पहले डूब गया था रेहान

इससे पहले दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में 9 जुलाई को ऐसी ही एक दर्दनाक घटना घटी। यहां संजय कॉलोनी में रहने वाला 7 वर्षीय मासूम रेहान बारिश के पानी से लबालब भरे एक खाली प्लॉट के गड्ढे में गिर गया। पानी गहरा होने के कारण बच्चा उसमें डूब गया और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Updated on:
13 Jul 2026 07:55 am
Published on:
12 Jul 2026 09:55 pm