
Delhi NCR Rain: जन्माष्टमी के दिन दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने के साथ राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के कई हिस्सों के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और एनसीआर के दूसरे इलाकों में भी बारिश हुई। कई जगहों पर बारिश इतनी तेज रही कि सड़कों पर चलते लोगों को रुकना पड़ा।
दिल्ली में करीब तीन बजे के बाद मौसम तेजी से बदला। पहले बादल घने हुए और फिर गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। एयरपोर्ट, लाजपत नगर, आनंद विहार और संसद मार्ग समेत कई इलाकों से तेज बारिश के दृश्य सामने आए। जन्माष्टमी के मौके पर बारिश होने से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं शाम के समय घर से निकलने वालों के लिए मौसम परेशानी भी खड़ी कर सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।
दोपहर से रात के बीच गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है। शाम से रात के बीच हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में खुले इलाकों और सड़कों पर रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार और शनिवार को भी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। यानी आज की बारिश के बाद मौसम तुरंत साफ होने के आसार कम हैं।
राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने से तापमान में भी राहत मिल सकती है।
जन्माष्टमी की वजह से शाम और रात में मंदिरों, बाजारों और दूसरी जगहों पर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में बारिश और तेज हवाओं का असर ट्रैफिक पर भी पड़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव होने पर परेशानी और बढ़ सकती है।
नोएडा समेत पूरे एनसीआर में भी बादल छाए रहने और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इसलिए अगर आप शाम को दिल्ली-NCR में सफर करने वाले हैं तो मौसम का अपडेट देखकर ही निकलना बेहतर रहेगा।
फिलहाल राजधानी में बारिश ने मौसम जरूर सुहाना कर दिया है, लेकिन गरज-चमक, तेज हवा और अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना ने शाम के प्लान को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।