
IMD Weather Forecast: मंगलवार दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए और 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी के बाद हुई हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और झुलसाने वाली गर्मी से जूझ रहे लोगों को तात्कालिक राहत मिली।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मौसम का यह बदला हुआ मिजाज कल यानी बुधवार को भी देखने को मिल सकता है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी आने और बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान बुधवार को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। हालांकि, यह राहत ज्यादा लंबी नहीं टिकेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जून (गुरुवार) से आसमान एक बार फिर पूरी तरह साफ हो जाएगा। तेज धूप खिलने के कारण तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस और बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत एनसीआर के इलाकों के लिए अगले छह दिनों का विशेष मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 24 जून (बुधवार) को क्षेत्र में धूल भरी आंधी चलने, आसमान में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण तापमान में अस्थायी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि 25 जून (गुरुवार) को मौसम फिर से करवट लेगा और तेज धूप निकलने के साथ अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी सप्ताहांत के दौरान एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत पर देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में बीच-बीच में धूल भरी हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश भी हो सकती है।
हालांकि बारिश का यह दौर बहुत अधिक नहीं होगा, लेकिन नमी बढ़ने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, खुले मैदानों में जाने से बचें तथा कमजोर ढांचों, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। साथ ही वाहन चालकों को भी खराब दृश्यता और तेज हवाओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।