नई दिल्ली

5 करोड़ की मांग रहे थे फिरौती, दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई

Lawrence Bishnoi Gang: दिल्ली पुलिस ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे और पीड़ित के घर की रेकी कर धमकी दे रहे थे।
2 min read
Lawrence Bishnoi Gang Delhi Police Extortion Case
लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर बड़ा एक्शन। (सोर्स: ANI)

Lawrence Bishnoi Gang Latest Update: दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठे गैंग हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि पहले पीड़ित से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और बाद में इसे बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दिया गया। आरोपियों ने पीड़ित के घर की रेकी कर उसकी तस्वीरें और वीडियो भेजकर डर का माहौल बनाने की भी कोशिश की है।

पहले 1 करोड़ फिर 5 करोड़ की मांग

दिल्ली पुलिस के उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए एक हाई-प्रोफाइल मामले के बाद रंगदारी का केस दर्ज किया गया था। शुरुआत में पीड़ित से 1 करोड़ रुपये की मांग की गई, लेकिन बाद में यह रकम बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित के घर की रेकी की और उसकी तस्वीरें व वीडियो भेजकर धमकी दी, ताकि वह डरकर पैसे देने के लिए मजबूर हो जाए।

विदेश से मिल रहे थे निर्देश

पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अभिनव सिंह उर्फ मोटा आकाश विदेश में बैठे अनिल पंडित के संपर्क में था, जो पूरे ऑपरेशन के निर्देश देता था। पुलिस ने बताया कि दूसरी बार धमकी देने के दौरान फोन करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था।

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, तीनों शूटरों ने पूछताछ में अपने पूरे नेटवर्क और काम करने के तरीके की जानकारी दी है।

टारगेट किलिंग की भी थी तैयारी

एक अन्य कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन अन्य शूटरों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये आरोपी एक टारगेट किलिंग की योजना बना रहे थे। इन्हें विदेश में बैठे नेटवर्क से लगातार जानकारी और निर्देश मिल रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले भी दिल्ली में कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं और टारगेट शूटिंग की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर जांच एजेंसियों का लगातार कसता जा रहा है शिकंजा

हाल के दिनों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। हाल ही में अमेरिकी एफबीआई ने गैंग से जुड़े गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर 50 हजार डॉलर के इनाम की घोषणा की थी।

वहीं, US डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत कई लोगों पर संगठित अपराध, रंगदारी और अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों में आरोप लगाए हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आरोप लगना दोषी साबित होने के बराबर नहीं है और अदालत में अपराध सिद्ध होने तक सभी आरोपी निर्दोष माने जाएंगे।

Updated on:
12 Jul 2026 09:48 pm
Published on:
12 Jul 2026 09:48 pm