
Delhi Police Cyber: दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक बेहद शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 35 वर्षीय आनंद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल के जरिए महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। वह कभी डॉक्टर, कभी बड़ा कारोबारी, तो कभी फिल्म प्रोड्यूसर बनकर महिलाओं से दोस्ती करता और उन्हें अपने प्रेम जाल में फंसाता था। एक बार रिश्ता बन जाने के बाद, वह शादी का झांसा देकर उनका भरोसा जीतता और फिर ठगी व ब्लैकमेलिंग की वारदातों को अंजाम देने लगता था।
भरोसा जीतने के बाद वह मेडिकल इमरजेंसी, बिजनेस नुकसान या पारिवारिक जरूरतों का बहाना बनाकर पैसे मांगता था। इतना ही नहीं आरोपी महिलाओं से निजी फोटो और वीडियो हासिल कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी करता था। इस तरह इसने देशभर की कई महिलाओं को निशाना बनाया और करोड़ो की ठगी की।
देशभर की करीब 500 महिलाओं को अपना शिकार बनाया और उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये की मोटी रकम ऐंठी। इस बड़े गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ, जब एक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वैभव अरोड़ा नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से उसे जाल में फंसाकर 7 लाख रुपये लूटे गए। आरोपी की चालाकी का आलम यह था कि शादी का झांसा देने के बाद उसने खुद की मौत का ढोंग रचा और पीड़िता से सारे संपर्क काट लिए।
बंगाल में छापेमारी और गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी का सुराग जुटाया और पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में दबिश देकर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 4 स्मार्टफोन, 8 सिम कार्ड, कई डेबिट कार्ड और सोने के जेवरात जब्त किए हैं। जांच में पता चला है कि यह सारा सामान ठगी की काली कमाई से जुटाया गया था।
पुराना अपराधी और जारी जांच पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी की वारदातों में शामिल रहा है। फिलहाल, साइबर सेल मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और उन अन्य महिलाओं की पहचान करने की कोशिश कर रही है जो इस शातिर ठग का शिकार बनी हैं।