
Delhi Politics: राष्ट्रीय राजधानी में 27 साल बाद सत्ता में लौटी रेखा सरकार जहां आम आदमी पार्टी की खामियां गिनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही, वहीं आम आदमी पार्टी भी रेखा सरकार का घेराव करने में पीछे नहीं दिख रही है। पिछले कई दिनों से आम आदमी पार्टी दिल्ली के किराड़ी क्षेत्र में जलभराव को मुद्दा बनाकर रेखा सरकार पर हमलावर थी। अब रेखा सरकार में जलमंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली में जबसे भाजपा सरकार का गठन हुआ है, तबसे आम आदमी पार्टी का नेक्सस टूट रहा है। इसके चलते AAP नेता बौखलाए हुए हैं और वह अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं।
दरअसल, दिल्ली के किराड़ी क्षेत्र में पिछले दिनों जलभराव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने इसे भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर दिखाकर इसे सोशल मीडिया पर खूब हवा दी। अब दिल्ली सरकार में जलमंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने इसपर अपनी चुप्पी तोड़ी और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उनके 11 साल के कार्यकाल को इसका जिम्मेदार ठहराया। प्रवेश वर्मा ने कहा कि AAP नेताओं ने दिल्ली में 11 साल शासन किया। इस दौरान अनधिकृत कॉलोनियां की जमीन का व्यवसाय किया। इसके चलते सिर्फ एक नहीं, बल्कि दिल्ली की 114 कॉलोनियों की स्थिति नारकीय बन गई।
प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि ऐसे इलाकों में आम आदमी पार्टी के विधायकों ने अवैध कॉलोनाइजेशन के लिए मामूली कीमत में जमीन खरीदी। इसके बाद जमीन की कीमत बढ़ाने के लिए अपनी ही सरकार से सीवर लाइन बिछाने के लिए एक-दो करोड़ रुपये की मंजूरी ले ली और कुछ दूरी तक पाइपलाइन डालकर यह प्रचार किया कि इलाके में पानी और सीवर का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। विकास की बात सुनकर लोग 10 हजार रुपये प्रति गज की जमीन के लिए 20 से 30 हजार रुपये तक चुकाते हैं। जमीन बिकने के बाद विधायकों का आगे के विकास से कोई लेना-देना नहीं रह गया। इसी के चलते दिल्ली की 114 कॉलोनियों में लोग नारकीय जीवन जी रहे हैं।
दिल्ली सरकार में जलमंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि जिस शर्मा कॉलोनी में कई दिनों से गंदा पानी भरा हुआ है, वहां यह समस्या पिछले 10 सालों से चली आ रही है। इसके अलावा शर्मा कॉलोनी के आसपास की 114 अनधिकृत कॉलोनियों में भी लगभग ऐसे ही हालात हैं। ये सभी कॉलोनियां लो-लाइंग एरिया में स्थित हैं और बाहरी दिल्ली के अन्य इलाकों का गंदा पानी भी यहीं आकर जमा होता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी पूरे 11 साल तक सत्ता में रही, लेकिन अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP सरकार ने कॉलोनियों से गंदे पानी की निकासी के लिए कोई सीवर लाइन नहीं बिछाई।
रेखा सरकार में पीडब्यूडी और जलमंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि रेखा सरकार ने शर्मा कॉलोनी समेत किराड़ी विधानसभा की 114 कॉलोनियों में जलनिकासी के लिए किराड़ी-रिठाला क्षेत्र में नई ड्रेन बनाने का काम शुरू किया है। यह परियोजना डीडीए द्वारा संचालित की जा रही है और इस ड्रेन को सप्लीमेंट्री ड्रेन से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग भी 220 करोड़ रुपये की लागत से एक ट्रंक ड्रेन का निर्माण कर रहा है, जिसे बाद में सप्लीमेंट्री ड्रेन से जोड़ा जाएगा।
किराड़ी के कई इलाकों में जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि किराड़ी की शर्मा कॉलोनी और आसपास के इलाके प्राकृतिक रूप से नहीं डूबे हैं, बल्कि भाजपा शासित डीडीए ने जानबूझकर पिछले 6-7 महीनों में भलस्वा लैंडफिल साइट का कूड़ा यहां डालकर इलाके को जलमग्न किया है। इससे कॉलोनियों की जलनिकासी बाधित हुई और लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) और मुख्यमंत्री (CM Rekha Gupta) से सवाल किया कि किसके निर्देश पर डीडीए किराड़ी के खाली प्लॉटों में कूड़ा डाल रही है?
सौरभ भारद्वाज ने रेखा सरकार से पूछा कि यदि किराड़ी की शर्मा कॉलोनी में भलस्वा लैंडफिल साइट का कूड़ा डाला जा रहा है तो पानी की निकासी के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं? उन्होंने कहा कि शर्मा कॉलोनी के आसपास मौजूद डीडीए की खाली और बंजर जमीन से पहले पानी का प्राकृतिक बहाव होता था, लेकिन अब कूड़ा भरने से यह रास्ता बंद हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और डीडीए यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि कूड़े के पहाड़ खत्म कर दिए गए हैं, जबकि हकीकत यह है कि भलस्वा लैंडफिल का जहरीला कूड़ा ट्रकों में भरकर किराड़ी जैसे इलाकों की खाली जमीनों में परत-दर-परत डाला जा रहा है।
UER (अर्बन एक्सटेंशन रोड) से गुजरते समय कई किलोमीटर तक यह कूड़ा साफ दिखाई देता है। कूड़ा भरने के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव रुक गया है, जिससे मॉनसून की बारिश के बाद हालात और बदतर हो गए। सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि उनके पास स्थानीय आप विधायकों द्वारा लिखे गए दर्जनों पत्र मौजूद हैं। बुराड़ी विधायक ने कई बार डीडीए को चेताया था कि कूड़ा तो भर दिया गया है, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम नहीं बनाया गया। वहीं बुराड़ी विधायक संजीव झा ने कहा कि भाजपा 11 साल पुरानी आप सरकार को दोष देकर अपनी नाकामियों से कब तक बचती रहेगी।