2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड से पहले रिहर्सल का वीडियो वायरल, सेना के जवानों ने लगाया ले बेटा का ‘तड़का’

Republic Day Parade: राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड से पहले रिहर्सल का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सेना के जवानों की टुकड़ी एक फिल्मी गीत गुनगुनाते हुए बीच-बीच में 'ले बेटा' का तड़का लगाते दिख रही है।

2 min read
Google source verification
Indian army Republic Day parade rehearsal Video viral in Delhi

फोटो सोर्सः वीडियो ग्रैब

Republic Day Parade: दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड से पहले रिहर्सल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सेना के जवानों की टुकड़ी क्रिश फिल्म के गीत 'दिल ना दिया' को गुनगुनाते हुए रिहर्सल करती दिख रही है। जवानों ने इस दौरान बीच-बीच में 'ले बेटा' का तड़का भी लगाया। सोशल मीडिया यूजर्स ने गूजबंप्स मोमेंट और सेना के अनुशासन, एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ा। परेड से पहले रिहर्सल के इस वीडियो के वायरल होने के पीछे सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहा एक वीडियो है, जिसमें कूड़ा बीनने वाला एक गरीब लड़का लोगों के अनुरोध पर क्रिश फिल्म का गीत अपने अलग अंदाज में सुनाता है।

फिल्मी गीत पर अलग दिखा रिहर्सल का माहौल

दरअसल, बुधवार को दिल्ली की कड़ाके की सर्द सुबह में कर्तव्य पथ पर उस वक्त एक अलग ही माहौल देखने को मिला, जब गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों में जुटे भारतीय सेना के जवानों ने अनुशासन के साथ-साथ उत्साह और मस्ती का भी शानदार नजारा पेश किया। परेड की रिहर्सल से पहले वार्म-अप के दौरान जवान न केवल कदमताल करते नजर आए, बल्कि बॉलीवुड फिल्म ‘क्रिश’ के चर्चित गाने ‘दिल ना दिया’ को गुनगुनाते और उस पर थिरकते भी दिखाई दिए। यह पल किसी ने कैमरे में कैद कर लिया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

'ले बेटा' के तड़के ने बनाया पल को खास

इस वायरल वीडियो की खास बात यह रही कि गाने में हालिया सोशल मीडिया ट्रेंड का मजेदार तड़का भी देखने को मिला। दरअसल, कुछ समय पहले एक युवक का वीडियो इंटरनेट पर खूब चर्चा में रहा था, जिसमें वह ‘दिल ना दिया’ गाने को अपने अलग ही अंदाज में गाते हुए लिरिक्स के बीच-बीच में ‘ले बेटा’ बोलता नजर आया था। यही अंदाज अब सेना के जवानों में भी दिखा। जवान गाने की धुन पर साथ-साथ ‘ले बेटा’ गुनगुनाते नजर आए, जिससे माहौल और भी हल्का-फुल्का और ऊर्जा से भरपूर हो गया।

सोशल मीडिया पर मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया

यह वीडियो एक्स (पूर्व ट्विटर) समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने इसे ‘गूजबंप्स मोमेंट’ करार दिया, तो कुछ ने जवानों के अनुशासन, एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि यह दृश्य देशभक्ति का एक नया और आधुनिक रूप दिखाता है, जहां सेना की सख्त ट्रेनिंग के बीच भी मुस्कान और मानवीय भावनाएं झलकती हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि बॉलीवुड और सेना का यह अनोखा संगम दिल को छू लेने वाला है।

गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां जोरों पर

गौरतलब है कि कर्तव्य पथ पर चल रही यह रिहर्सल 26 जनवरी को होने वाली मुख्य गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों का हिस्सा है। इस भव्य परेड में थल सेना, नौसेना और वायुसेना के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियां भी शामिल होंगी। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की रंग-बिरंगी झांकियां भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करेंगी। गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियों के बीच सामने आया यह वीडियो न केवल लोगों का मनोरंजन कर रहा है, बल्कि यह भी दिखा रहा है कि भारतीय सेना अनुशासन और कर्तव्य के साथ-साथ जोश, उमंग और सकारात्मक सोच का भी प्रतीक है।

Story Loader