एक स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने एक लड़के का मोबाइन छीन लिया और भागने लगे। इस दौरान स्कूटी का बैलेंस बिगड़ गया और दोनों बदमाश नीचे गिर गए। इस पर लड़के ने एक आरोपी को दबोच लिया।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गुरुवार की देर शाम एक ऐसा वाकया सामने आया जिससे सभी हैरान हैं। बीती रात दिल्ली के पॉश इलाकों में से एक करोल बाग में एक छीना-झपटी का मामला सामने आया। हद तो तब हो गई जब छीना-झपटी का मामला सीनाजोरी में बदल गया। दरअसल एक स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने एक लड़के का मोबाइन छीन लिया और भागने लगे। इस दौरान स्कूटी का बैलेंस बिगड़ गया और दोनों बदमाश नीचे गिर गए। इस पर लड़के ने एक आरोपी को दबोच लिया। इतने ही देर में आस-पास के कुछ लोग वहां जमा हो गए। भीड़ कुछ समझ पाती इससे पहले ही बदमाश ने उलटा युवक को चोर बताकर चिल्लाना शुरू कर दिया। इससे लोग कन्फ्यूज हो गए। फिर मौके का फायदा उठाकर बदमाश वहां से फरार हो गया।
स्कूटी जब्त कर पुलिस ने जांच शुरू की
आपको बता दें कि बदमाश अपनी स्कूटी वहीं छोड़कर भाग गया। इसके बाद लोगों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच का घटना स्थल का मुआयना किया। घटनास्थल पर मौजूद स्कूटी को जब्त कर लिया और जब उसकी डिक्की खोली तो उसमें एक लंबा कटारनुमा चाकू मिला। इससे लोगों में दहशत फैल गया। हालांकि पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया है कि इस वारदात को एसबी मार्ग के रहनेवाले 30 वर्षीय अंकुर वर्मा के साथ हुई। गाजियाबाद में अंकुर का टाइल्स का बिजनेस है। अंकुर मोबाइल रिपेयर करवाने के लिए करोलबाग स्थित गफ्फार मार्केट गया था। गुरुवार की शाम आर्यसमाज रोड़ पर कैब बुक करा रहे थे कि तभी उनके मोबाइल में फोन आया। इस बीच जब वह मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे तभी स्कूटी पर सवार दो बदमाश उनका मोबाइल छीनकर भागन लगे। फोन छीनने के दौरान उनका बैलेंस बिगड़ गया और थोड़ी दूर आगे जाकर वे स्कूटी से नीचे गिर पड़े। फौरन अंकुर ने भागते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। अंकुर ने जब मोबाइल के बारे में बदमाश से पूछा तो वह उलटा अंकुर पर ही भड़क गया और चोर-चोर कहकर चिल्लाने लगा। इस पर मौके पर मौजूद लोग कन्फ्यूज हो गए। लेकिन जैसे ही पकड़ से बदमाश छूटा फौरन ही अपनी स्कूटी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद सभी का माजरा समझ में आ गया कि असली गुनहगार वही बदमाश था।