गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में पार्टी ने राज्य की नई टीम का ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी ने किशोरभाई देसाई को पार्टी की गुजरात यूनिट का अध्यक्ष चुना है।
आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुजरात में अपने नए संगठन के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। इसके तहत किशोरभाई देसाई को प्रदेश अध्यक्ष और मनोज सोरथिया को राज्य महासचिव नियुक्त किया गया है। गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले AAP अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर AAP के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में 850 से अधिक पदाधिकारियों के साथ नए संगठन ढांचे की घोषणा की। वहीं गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर अन्य पार्टियां भी सक्रिय हो गईं हैं।
उत्तर गुजरात के मेहसाणा में दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के रोड शो के तुरंत बाद AAP ने 8 जून को अपनी गुजरात यूनिट को भंग कर दिया था। पार्टी सूत्रों का कहना था कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर यह फैसला लिया गया। नई लीडरशिप और नए नेताओं की टीम के जरिए ऊर्जा भरने का काम किया जाएगा। इससे पहले पार्टी ने हिमाचल प्रदेश संगठन को भी भंग कर दिया था। इसके कुछ दिन बाद फिर नई टीम चुनी गई थी।
इसी कड़ी में अब पार्टी ने नई टीम का ऐलान किया है, AAP ने नेता इसुदान गढ़वी को पार्टी के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव के रूप में नियुक्त किया है। वहीं, इंद्रनील राजगुरु को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
बता दें, गुजरात विधानसभा चुनाव इस साल नवंबर या दिसंबर में होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी भी इस बार गुजरात में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पिछले तीन महीने में अरविंद केजरीवाल चार बार गुजरात आए हैं। मौजूदा समय में 'आप' की पंजाब और दिल्ली में सरकार है। वहीं प्रदेश में पिछले दो दशक से भाजपा का शासन है।
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर के केशरी मॉल में फिर लगी आग, दो महीनें के अंतराल पर घटी घटना
यह भी पढ़ें: Shangri-La Dialogue: चीन के रक्षा मंत्री बोले- 'शांति स्थापित करने के लिए भारत के साथ मिलकर कर रहे काम'