नई दिल्ली

Delhi: शादी को राजी नहीं थे घरवाले, प्रेमी संग खाई चूहे मारने की दवा; गिलास फेंककर प्रेमिका को कमरे में बंद कर हुआ फरार

Delhi University Student: फरीदाबाद में दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी विपिन को अमेठी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शादी के लिए परिवार की मंजूरी न मिलने पर उसने छात्रा को होटल में बुलाकर जहर पिला दिया।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 9:29 AM IST
Delhi University Student
शादी को राजी नहीं था परिवार, प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, फोटो सोर्स- AI

Faridabad Crime: दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी विपिन को उत्तर प्रदेश के अमेठी से गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके परिवार वाले इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने छात्रा को आत्महत्या का बहाना बनाकर होटल में बुलाया और कथित तौर पर जहर पिला दिया।

पुलिस ने आरोपी को 28 नवंबर को अमेठी से पकड़ा। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

आत्महत्या का झांसा देकर होटल ले गया

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को विपिन छात्रा को आत्महत्या करने की बात कहकर सेक्टर-37 इलाके के एक गेस्ट हाउस में लेकर गया था। आरोप है कि वहां उसने पानी में चूहे मारने की दवा मिला दी और छात्रा को पिला दी। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से बंद किया और वहां से निकल गया। जांच को भटकाने के लिए उसने कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या से जुड़ा एक नोट भी छोड़ा था।

अपने लिए भी जहरीली दवा का गिलास बनाया

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने छात्रा को भरोसा दिलाने के लिए अपने लिए भी चूहे मारने की दवा वाला गिलास तैयार किया था। हालांकि, छात्रा को जहरीला पदार्थ पिलाने के बाद उसने अपना गिलास फेंक दिया और वहां से भाग गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद पहले दिल्ली पहुंचा और फिर बस से अमेठी चला गया। वहां वह अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ था। तकनीकी जानकारी और पुलिस को मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार किया।

रिश्ते की जानकारी परिवार को थी

पुलिस के मुताबिक, विपिन और छात्रा के बीच प्रेम संबंध की जानकारी युवती के परिवार को भी थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं था। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से वह परेशान था और पहले भी अपने घर में आत्महत्या की कोशिश कर चुका था, लेकिन उस दौरान वह बच गया था।

23 नवंबर को घर से निकली थी छात्रा

धौज थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली छात्रा 23 नवंबर को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। अगले दिन, 24 नवंबर को पुलिस को सेक्टर-37 थाना क्षेत्र के एक होटल में युवती का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। अब पुलिस रिमांड के दौरान उससे वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

Updated on:
29 Nov 2026, 9:29 AM IST
Published on: