नई दिल्ली

ब्रिटेन में ओमिक्रॉन से हुई पहली मौत, पीएम जॉनसन ने की पुष्टि, 63 देशों में पहुंचा नया वेरिएंट

ब्रिटेन में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से पहली मौत हुई है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इसकी पुष्टि कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 13 Dec 2021, 7:48 PM IST
first death by omicron variant in uk, pm boris johnson confirms
first death by omicron variant in uk, pm boris johnson confirms

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका में मिला कोरोना का नया ओमिक्रॉन वेरिएंट दुनियाभर में फैला हुआ है। वहीं ब्रिटेन में इस वेरिएंट से पहली मौत हुई है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इसकी पुष्टि कर दी है। एक वैक्सीनेशन क्लीनिक के दौरे पर गए बोरिस जॉनसन ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ओमिक्रॉन से चलते लोग अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं। वहीं अब ओमिक्रॉन के चलते पहले मरीज की मौत हो गई है। इस दौरान बोरिस जॉनसन ने कहा कि हमें लगा था कि यह वेरिएंट पहले से ज्यादा खतरनाक नहीं था, लेकिन अब इस वेरिएंट को लेकर अपनी विचारधारा बदलने की जरूरत है। कोरोना का नया वेरिएंट दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है। ऐसे में हमें बूस्टर डोज पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

पीएम जॉनसन ने लोगों से की ये अपील
ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए अब ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन भी सख्त हो गए हैं। उन्होंने ओमिक्रॉन वैरिएंट की खतरनाक लहर से मुकाबला करने के लिए एक महत्वाकांक्षी कोविड बूस्टर शॉट प्रोग्राम की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि इस वैरिएंट के फैलने की दर बहुत ज़्यादा है, कुछ ही दिनों में यह वेरिएंट दुनिया के 63 देशों में फैल गया है। ऐसे में सभी को सावधान रहने की जरूरत है।

जनवरी में आ सकती है कोरोना की लहर
कोरोना के नए वेरिएंट के प्रसार को देखते हुए ब्रिटेन पीएम बोरिस जॉनसन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इसके चलते ब्रिटेन में फिर से वर्क फ्रॉम होम शुरू कर दिया है। साथ ही ब्रिटेन के भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने के लिए वैक्सीन पासपोर्ट अनिवार्य कर दिया है। बता दें कि ब्रिटेन में कोरोना का नया वेरिएंट तेजी से फैल रहा है। वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि महीनें के अंत तक देश में ओमिक्रॉन के 1 लाख मामले हो सकते हैं। वहीं जनवरी में कोरोना की बड़ी लहर आ सकती है।

गौरतलब है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट दुनिया के 63 देशों में दस्तक दे चुका है। वहीं भारत में भी यह वेरिएंट अब तेजी से पांव पसारने लगा है। बता दें कि देश के 6 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेश इसकी चपेट में आ चुके हैं। देश में ओमिक्रॉन से संक्रमित होने वाले लोगों की कुल संख्या अब 38 हो गई है। महाराष्ट्र इस वेरिएंट से सबसे अधिक प्रभावित है। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के कुल 18 मामले सामने आए हैं। वहीं राजस्थान में 9, कर्नाटक 3, गुजरात 3, केरल 1, आंध्र प्रदेश 1, दिल्ली 2 और चंडीगढ़ में 1 केस है।

Published on: