Delhi News: दिल्ली के द्वारका में कैंटीन ऑपरेटर अनुरूप गुप्ता की लूट के इरादे से हत्या का खुलासा हुआ है। द्वारका पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
Delhi News:दिल्ली के द्वारका इलाके में 48 वर्षीय कैंटीन ऑपरेटर अनुरूप गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। द्वारका पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या पूरी तरह लालच और लूट की नीयत से की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी को द्वारका नॉर्थ थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन ऑपरेटर के तौर पर काम करने वाले अनुरूप गुप्ता 18 फरवरी से लापता हैं। परिजनों ने बताया कि न तो अनुरूप का कोई सुराग मिल रहा था और न ही उसकी कार का पता चल पाया था। परिवार ने किसी तरह की रंजिश या दुश्मनी से इनकार किया।
द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान एनएचएआई से वाहन विवरण लिया गया, जिससे पता चला कि अनुरूप की कार को आखिरी बार 19-20 फरवरी की रात यमुना एक्सप्रेसवे पर देखा गया था। इसके बाद टोल प्लाजा और अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच में सामने आया कि 18 फरवरी को अनुरूप ने बाइक बुक की थी और अपनी कार छत्तीसगढ़ सदन में ही छोड़ दी थी। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर रैपिडो राइडर की पहचान की गई, जिसने बताया कि उसने अनुरूप को मटियाला एक्सटेंशन के एक मकान पर छोड़ा था।
सीसीटीवी फुटेज में अनुरूप को बिल्डिंग के अंदर जाते देखा गया, लेकिन वह बाहर आता नहीं दिखा। कुछ देर बाद चार अन्य लोगों की एंट्री भी कैमरों में कैद हुई। बाद में अनुरूप की कार को उसी बिल्डिंग के बेसमेंट से बाहर निकलते और फिर वृंदावन की ओर जाते देखा गया।
पुलिस ने जांच में एक स्कूटी की पहचान की, जो हरियाणा के हांसी निवासी हैप्पी के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पूछताछ में हैप्पी उर्फ सूरज ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों भूपेंद्र, बलराम, नीरज और अपनी लिव-इन पार्टनर राखी के साथ मिलकर अनुरूप का अपहरण कर पैसे ऐंठने की योजना बनाई थी। आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात अनुरूप से छत्तीसगढ़ सदन की कैंटीन में हुई थी। उसने देखा था कि अनुरूप सोने की अंगूठियां और ब्रेसलेट पहनता है और अकेला रहता है। इसी लालच में उसे पार्टी के बहाने मटियाला एक्सटेंशन स्थित किराए के घर बुलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, 18 फरवरी को पार्टी के दौरान अन्य आरोपी घर में घुस आए और अनुरूप को बुरी तरह पीटा गया। उसे रस्सी से बांधकर पैसों की मांग की गई। जब अनुरूप ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।