नई दिल्ली

दोनों भाई कारोबारी हैं, कोई 5000 करोड़ के फ्रॉडिया नहीं…अदालत में गरमाया गोवा नाइटक्लब आग हादसा

Goa Nightclub Fire Accident: गोवा नाइटक्लब आग हादसे में 25 लोगों की मौत के जिम्मेदार बताए जा रहे क्लब मालिक लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड के फुकेत स्थित एक होटल में गिरफ्तार किए गए हैं। उन्हें जहां भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, वहीं दिल्ली में उनकी जमानत याचिका पर अदालत में अहम सुनवाई हुई।

3 min read
गोवा नाइट क्लब आग हादसे में लूथरा ब्रदर्स गिरफ्तार, कोर्ट में मिला झटका।

Goa Nightclub Fire Accident: गोवा नाइट क्लब आग हादसे में 25 लोगों की मौत के जिम्मेदार माने जा रहे बर्च बाय रोमियो लेन क्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड में गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके बाद उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सूत्रों का कहना है कि लूथरा ब्रदर्स गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को शुक्रवार को भारत लाया जा सकता है। दूसरी ओर दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में दोनों भाइयों की जमानत पर गुरुवार को भी सुनवाई की गई। गुरुवार को रोहिणी कोर्ट में लूथरा बंधुओं की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता तनवीर अहमद मीर ने दलीलें देकर जमानत देने का अनुरोध किया। इससे पहले बुधवार को भी वकील ने अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने गोवा सरकार से इसपर जवाब मांगा और मामले पर कोई फैसला नहीं दिया था। गुरुवार को एक बार फिर वकील तनवीर अहमद मीर ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका लगाई।

ये भी पढ़ें

बैग लेकर गया था बेटा, आता ही होगा…गोवा अग्निकांड में मारे गए विनोद की मां की आंखें दरवाजे पर टिकीं

लूथरा ब्रदर्स के वकील ने अदालत में क्या दलील दी?

गुरुवार को रोहिणी कोर्ट में लूथरा ब्रदर्स की ओर से पेश हुए वकील तनवीर अहमद मीर ने कहा कि दोनों भाई कारोबारी हैं। वह हजारों लोगों को रोजगार देते हैं। इस दौरान वकील ने ये भी दावा किया कि दोनों भाई हादसे की वजह से विदेश नहीं भागे हैं, बल्कि कारोबारी यात्रा पर गए हैं। अधिवक्ता तनवीर अहमद मीर ने तर्क दिया कि यह मामला हत्या का नहीं, बल्कि लापरवाही से हुई मौत का है और आपराधिक कानून का अनुचित विस्तार करके 'इरादा' साबित करने की कोशिश की जा रही है। मीर ने कहा कि लूथरा बंधु वे कारोबारी नहीं हैं, जो 5000 करोड़ का फ्रॉड करके देश से भाग गए। हालांकि गुरुवार को भी लूथरा ब्रदर्स को कोर्ट से झटका ही लगा है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने वकील और पुलिस का पक्ष सुनने के बाद लूथरा भाइयों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

विदेश भागने वाले कारोबारियों की ओर इशारा

सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की ओर से पेश वकील की करोड़ों का फ्रॉड करके विदेश भागने वाली दलील नीरव मोदी, विजय माल्या और मेहुल चौकसी जैसे कारोबारियों से जोड़कर देखी जा रही है। इस दौरान तनवीर अहमद मीर ने ये भी कहा कि लूथरा ब्रदर्स की जान को खतरा है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें हत्या और जलाकर मार डालने की धमकियां दे रहे हैं। वकील ने कहा कि वह भी इंसान हैं, इसलिए उन्हें भारत में पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए। लूथरा ब्रदर्स के वकील की दलीलों को काटते हुए गोवा पुलिस ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका का जबरदस्त विरोध किया। गोवा पुसिल का कहना था कि लूथरा ब्रदर्स ने जांच में कोई सहयोग नहीं किया। इसके अलावा दोनों भाइयों ने अदालत को गुमराह किया है। लूथरा ब्रदर्स के वकील ने कहा कि दोनों भाइयों ने 7 दिसंबर को भारत छोड़ा, जबकि गोवा पुलिस का दावा है कि दोनों भाई 6 दिसंबर की रात को ही भारत से निकल गए थे। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत लेने के लिए दिया गया मेडिकल ग्राउंड भी गलत है।

फुकेत में कैसे पकड़े गए दोनों भाई?

गोवा नाइटक्लब आग हादसे में 25 लोगों के जिंदा जलने से जहां पूरे देश में आक्रोश फैला था। वहीं गोवा पुलिस और भारतीय जांच एजेंसियां दोनों भाइयों की तलाश में जुटी थीं। लूथरा ब्रदर्स को पकड़ने के लिए गोवा पुलिस और सीबीआई ने इंटरपोल की मदद मांगी। इसके लिए भारतीय जांच एजेंसियां थाई जांच एजेंसियों के संपर्क में थीं। इसी बीच भारतीय जांच एजेंसियों को पता चला कि लूथरा ब्रदर्स मुख्य शहर से बाहर हैं। इनपुट पर कार्रवाई करते हुए भारतीय एजेंसियों ने थाईलैंड पुलिस के साथ मिलकर गुरुवार सुबह-सुबह छापेमारी शुरू की। यह ऑपरेशन बेहद गोपनीय तरीके से चलाया गया। इसीलिए लूथरा ब्रदर्स को भागने का मौका ही नहीं मिला और वह थाईलैंड के फुकेत होटल से दबोचे गए।

अब आगे क्या होगा?

थाईलैंड में पकड़े जाने के बाद लूथरा ब्रदर्स को भारत लाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत उनका इमिग्रेशन प्रोसेस होगा। इसके बाद गुरुवार देर रात या फिर शुक्रवार को उन्हें भारत लाया जाएगा। इसके बाद भारतीय जांच एजेंसियां लूथरा ब्रदर्स से पूछताछ करेंगी। इसके अलावा गोवा पुलिस इस मामले में उनकी जिम्मेदारी तय करेगी। इसके बाद इस मामले पर कोर्ट में चार्जशीट लगाई जाएगी और कोर्ट कानून के अनुसार फैसला सुनाएगी। थाईलैंड में गिरफ्तारी से पहले गोवा पुलिस ने सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए थे। इस पूरे मामले में थाईलैंड की ओर से भारत की बड़ी मदद की गई है। वरना ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां विदेश भागे आरोपी को वापस लाना बड़ा मुश्किल काम बन गया।

ये भी पढ़ें

एआई से तैयार जवाब देख सुप्रीम कोर्ट हैरान, अधिवक्ता बोले-इतना शर्मिंदा मैं कभी नहीं हुआ

Also Read
View All

अगली खबर