Deepika Nagar Death Case: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में विवाहिता दीपिका नागर (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई है।
Greater Noida Deepika Nagar Death Case: ग्रेटर नोएडा में 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में अब एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, मौत से कुछ घंटे पहले ही दीपिका ने अपने पिता को फोन कर ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में बताया था। बेटी की बात सुनते ही पिता उसी शाम उसके घर पहुंचे और परिवार को समझाकर विवाद खत्म कराने की कोशिश की। उन्होंने बेटी का संसार बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद जो हुआ उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
दीपिका के पिता संजय ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि दीपिका की मौत कोई हादसा नहीं था, उसे दहेज के लिए मार डाला गया। उनकी बेटी से फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। जब हमने यह मांग पूरी नहीं की तो उसकी हत्या कर शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका दिया गया। फ़िलहाल पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया।
इस बीच, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस बीच, सामने आये पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपिका की मौत की गुत्थी और उलझ गई है।
दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला और ज्यादा पेचीदा हो गया है। रिपोर्ट में अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मौत हत्या थी या आत्महत्या। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। इसी कारण मृतका का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।
दीपिका की शादी 14 महीने पहले ही ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जलपुरा गांव के निवासी ऋतिक के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए गए थे और स्कॉर्पियो गाड़ी दी गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार और दहेज की मांग की जा रही थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे पीटा जाता था। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले में मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उस आखिरी दिन के घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है कि आखिर पिता के जाने के बाद ऐसा क्या-क्या हुआ, जिसने दीपिका को मौत के मुंह में धकेल दिया।
शाम में पिता के समझाने-बुझाने के बाद ऐसा लगा था कि स्थिति सामान्य हो गई है और पिता भी घर लौट आए। लेकिन, उसी रात कुछ ऐसा हुआ जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। दिन का जो विवाद थमता नजर आ रहा था, उसने रात होते-होते एक बेहद भयानक रूप ले लिया और संदिग्ध हालात में दीपिका की मौत हो गई। जब यह खबर दीपिका के मायके पहुंची, तो परिवार में कोहराम मच गया। जो पिता कुछ घंटे पहले अपनी बेटी से मिलकर आया था, उसके सामने अब बेटी का बेजान शरीर था।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि दीपिका दहेज उत्पीड़न से परेशान थी और उसने घर की छत से कूदकर जान दे दी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दीपिका के पति और अन्य परिजनों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही मौत की असली वजह का साफ हो जाएगी।