नई दिल्ली

दिल्ली के बवाना में गोलियों की गूंज, बाइक सवार बदमाशों ने ‘काला’ को बनाया निशाना; हत्या से इलाके में दहशत

Delhi Murder Latest News: दिल्ली के बवाना स्थित पूठ खुर्द गांव में दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने जोगिंदर उर्फ काला पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की तलाश की जा रही है।
2 min read
Delhi Murder News
बवाना के पूठ खुर्द गांव में हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो सोर्स-ANI

Delhi Crime Latest News: दिल्ली के बाहरी इलाके बवाना में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार हमलावरों ने एक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात पूठ खुर्द गांव में हुई, जहां जोगिंदर उर्फ काला (45) को निशाना बनाकर बदमाश कई राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना सुबह करीब 8:15 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें पूठ खुर्द इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि बाइक पर आए कुछ अज्ञात बदमाशों ने जोगिंदर उर्फ काला पर अचानक हमला कर दिया और वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।

अस्पताल पहुंचते ही मौत, जांच में जुटी पुलिस

गंभीर रूप से घायल जोगिंदर को तुरंत नजदीकी महर्षि वाल्मीकि अस्पताल (एमवी अस्पताल) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बवाना थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों तक पहुंचने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश कौन थे और उन्होंने जोगिंदर को ही क्यों निशाना बनाया।

हत्या की वजह पर सस्पेंस बरकरार

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में आपसी दुश्मनी, पुरानी रंजिश और गैंग से जुड़े विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, मृतक जोगिंदर उर्फ काला को बदमाश धर्मेंद्र का भाई बताया जा रहा है। इसी वजह से पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की असली वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हत्या के बाद पूठ खुर्द गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Updated on:
18 Jul 2026 01:39 pm
Published on:
18 Jul 2026 01:39 pm