नई दिल्ली

गुरुग्राम हिट एंड रन केस पर सिया का बड़ा बयान, कानून का डर नहीं होगा तो सड़क पर महिलाओं को यूं ही कुचलते रहेंगे

Gurugram Hit and Run Case: गोल्फ कोर्स रोड पर हिट एंड रन की शिकार हुई बाइक सवार सिया ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सिया ने कहा कि कार सवारों ने उनका पीछा किया और कई बार बाइक को पीछे से टक्कर मारी, ऐसे लोगों में कानून का डर होना जरूरी है।
2 min read
Gurugram Hit and Run Case
बाइक सवार सिया। फोटो- आईएएनएस

नई दिल्ली। गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हिट एंड रन की शिकार हुई बाइक सवार सिया ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सिया ने कहा कि सड़क पर महिलाओं को परेशान करने और उनकी जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। जब तक कानून का डर नहीं होगा, ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। सिया ने कहा कि उन्होंने पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताया है। उनका आरोप है कि कार में सवार लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे और उनकी जान लेने की कोशिश की गई।

कार में थे चार लोग

सिया के मुताबिक, कार सवार लगातार उनका पीछा कर रहे थे और बाइक की रफ्तार कम होते ही पीछे से टक्कर मार रहे थे। सिया ने कहा कि मैंने पुलिस को सब कुछ बताया है कि किस तरह वे मुझे परेशान कर रहे थे और मेरी जान लेने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि कार से दूर रहने के लिए उन्होंने इशारा भी किया था, लेकिन इसके बावजूद कार सवार उनका पीछा करते रहे। सिया के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। उन्होंने पुलिस को आरोपियों से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और अपना बयान दे दिया है।

'हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हो'

उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होना चाहिए और मामले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। महिला बाइक सवारों के साथ ऐसी घटनाओं का जिक्र करते हुए सिया ने कहा कि सड़क पर महिलाओं का पीछा करना और उन्हें परेशान करना कोई अकेली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि कई महिला बाइक सवारों को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोग उनका पीछा करते हैं और कई बार जानबूझकर परेशान करते हैं। सिया ने कहा कि यदि ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और भी लोग इसका शिकार हो सकते हैं।

आरोपी चालक गिरफ्तार

उन्होंने ऐसी घटनाओं का सामना करने वाले लोगों से सामने आने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की अपील की। हादसे में घायल हुई सिया ने बताया कि हेलमेट और सुरक्षा के दूसरे सामान की वजह से उनकी जान बच गई। हालांकि, उनके घुटनों और हाथों में कई चोटें आई हैं। इधर, गुरुग्राम पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी लवनीश गुर्जर को भी गिरफ्तार किया गया है।

गोल्फ कोर्स रोड की घटना

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी है। इस अपराध में 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। घटना रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद सेडान कार अचानक दाईं ओर मुड़कर सिया की बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद हेलमेट पहने सिया सड़क पर गिर गईं, जबकि उनकी अप्रिलिया आरएस 457 बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती हुई गई और उससे चिंगारियां निकलती दिखाई दीं।

Updated on:
15 Sept 2026 04:14 pm
Published on:
15 Sept 2026 04:14 pm