
Harshita Kejriwal Love Marriage: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल ने अपने कॉलेज फ्रेंड संभव जैन के साथ सात फेरे लिए हैं। अरविंद केजरीवाल की बेटी का शादी समारोह बेहद गुपचुप तरीके से दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में संपन्न हुआ है। अब 20 अप्रैल को रिसेप्शन की तैयारी है। इस शादी समारोह में सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी उपस्थित रहे। हर्षिता अरविंद और सुनीता केजरीवाल की बड़ी बेटी हैं। उनकी शादी का माहौल निजी रखा गया, लेकिन इससे जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता के पति संभव जैन उनके कॉलेज फ्रेंड हैं। दोनों की मुलाकात भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली में हुई थी। इसके बाद यहीं से दोनों की लव स्टोरी भी शुरू हुई। हर्षिता और संभव जैन आईआईटी दिल्ली से स्नातक हैं। कॉलेज में हुई मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। संभव जैन मौजूदा समय में एक निजी कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट हैं। दोनों ने हाल ही में मिलकर एक स्टार्टअप की भी शुरुआत की है। आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री लेने वाली हर्षिता अपने विभाग में तीसरे स्थान पर रहीं थीं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, हर्षिता अपने पिता अरविंद केजरीवाल के बेहद करीब हैं और उनके राजनीतिक कार्यों में अक्सर सहयोग करती रही हैं। वे आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार में भी सक्रिय दिख चुकी हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो हर्षिता केजरीवाल ने ही संभव जैन के बारे में अरविंद केजरीवाल को बताया। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने दोनों की शादी कराने का फैसला लिया। रिपोर्ट बताती है कि दोनों की सगाई 17 अप्रैल को दिल्ली के शांगरी-ला होटल में हुई थी। इसके बाद कपूरथला हाउस में 18 अप्रैल को दोनों की शादी हुई और अब 20 अप्रैल को रिसेप्शन होगा। हर्षिता और संभव ने मिलकर एक स्टार्टअप भी शुरू किया है। जिसके दोनों बराबर के हिस्सेदार हैं। हर्षिता केजरीवाल की उम्र 29 साल है। जबकि संभव लगभग 32 साल के हैं।