
Guest Teacher Suspended: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुई हरियाणा के रोहतक की सरकारी स्कूल की गेस्ट टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है। जिला एलिमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर की ओर से बुधवार को जारी सस्पेंशन ऑर्डर में कहा गया कि सुलेखा दलाल 8 जून से सस्पेंड रहेंगी। हालांकि, न्यूज एजेंसी PTI ने अपनी रिपोर्ट के बताया कि ऑर्डर में इस कार्रवाई की वजह नहीं बताई गई। रिपोर्ट के मुताबिक, सस्पेंशन के दौरान रोहतक ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर का ऑफिस दलाल का हेडक्वार्टर होगा और उन्हें बिना पहले से इजाजत लिए स्टेशन छोड़ने से मना किया गया है। यह सब तब हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दलाल CJP के विरोध प्रदर्शन में लोगों को संबोधित करती दिख रही थीं।
यह कार्रवाई सुलेखा दलाल के एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हुई है। 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से एक बड़ा छात्र प्रदर्शन किया था। जिसमें कई युवा शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन में सुलेखा ने हिस्सा लेने के साथ ही मंच से भाषण भी दिया था। वीडियो में वह कहती नजर आ रही थीं कि ये करो या मरो की लड़ाई है और वह किसी ग्रुप के लिए नहीं, अपने बच्चों के हक के लिए मैदान में उतरी हैं।
अचानक हुई इस कार्रवाई पर सुलेखा दलाल का कहना है कि उन्हें सस्पेंड करने से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और न ही बात रखने का मौका मिला। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, मेरा बेटा ग्रेजुएट है और उसने भी परीक्षा दी थी, जिसमें गड़बड़ी हुई। मैं वहां किसी पार्टी का साथ देने नहीं गई थी। मैं एक परेशान मां के तौर पर अपने बच्चे का दर्द बयां करने गई थी।
दरअसल, 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश भर से आए छात्रों और युवाओं ने बड़ी परीक्षाओं में हुई धांधली और गड़बड़ियों के खिलाफ मोर्चा खोला था। कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की थी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई थी।