नई दिल्ली

‘नीला वाला टॉयलेट के लिए’ RAF जवानों का मजाक उड़ाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो पर इंफ्लुएंसर श्रद्धा सिंह ने मांगी माफी

Shradha Singh RAF video controversy: CJP विरोध-प्रदर्शन के दौरान RAF जवानों पर आपत्तिजनक रील बनाने पर ट्रोल हुईं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा सिंह ने वीडियो हटाकर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा जवानों का मजाक उड़ाने का नहीं था।
2 min read
Shradha Singh RAF video controversy
वायरल वीडियो पर इंफ्लुएंसर श्रद्धा सिंह ने मांगी माफी, फोटो सोर्स- एक्स ( @Tejashyy )

Shradha Singh apology video: कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों पर विवादित रील बनाने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा सिंह भारी जनआक्रोश का सामना करने के बाद बैकफुट पर आ गई हैं। सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना और ट्रोलिंग के बाद श्रद्धा ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। हालांकि, उनका कहना है कि उन्होंने किसी का अपमान या मजाक उड़ाने की नीयत से वह वीडियो नहीं बनाया था।

'नीला वाला टॉयलेट के लिए…': रील से भड़का गुस्सा

इंस्टाग्राम पर तीन लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाली श्रद्धा सिंह ने दिल्ली में जारी प्रदर्शन स्थल से एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में वह नीली कॉम्बैट यूनिफॉर्म में तैनात RAF जवानों के सामने खड़ी होकर एक टॉयलेट क्लीनर के विज्ञापन की नकल (रीक्रीएट) करती नजर आ रही थीं। सुरक्षाबलों की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा था कि 'नीला वाला टॉयलेट के लिए', और फिर खुद के लाल कपड़ों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि 'लाल वाला बाथरूम के लिए' वीडियो के वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सोशल मीडिया यूजर्स ने उन पर देश के जवानों का अनादर करने का गंभीर आरोप लगाया।

'1 घंटे में हटा दिया था वीडियो, ट्रोलर्स दे रहे धमकियां'

बढ़ते विवाद के बीच श्रद्धा ने माफी का वीडियो जारी करते हुए कहा कि उन्हें अपलोड करने के कुछ ही देर में अपनी गलती का अहसास हो गया था और उन्होंने 1 घंटे के भीतर वीडियो डिलीट कर दिया था। अपनी सफाई में श्रद्धा ने कहा है कि मैंने इतनी भी बड़ी गलती नहीं की है कि आप लोग मुझे भद्दी गालियां दें। मैंने जवानों की नीली वर्दी और अपने लाल कपड़ों को देखकर सिर्फ एक विज्ञापन के बारे में सोचा और रील बना दी। मेरा इरादा किसी का मजाक उड़ाना या नीचा दिखाना बिल्कुल नहीं था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मीम पेजों को उनके खिलाफ माहौल बनाने के लिए पैसे दिए गए हैं। इसके साथ ही श्रद्धा ने दावा किया कि विवाद बढ़ने के बाद से उन्हें दुष्कर्म (रेप) और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

NEET परीक्षा धांधली विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा मामला

उल्लेखनीय है कि श्रद्धा सिंह उन सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स में शामिल थीं, जो नीट (NEET) परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले आयोजित प्रदर्शनों में हिस्सा लेने पहुँचे थे। श्रद्धा ने स्पष्ट किया कि उन पर वीडियो हटाने का कोई प्रशासनिक दबाव नहीं था, बल्कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से बुरा महसूस होने पर खुद इसे डिलीट कर जवानों से माफी मांगी है।

Updated on:
31 Jul 2026 05:52 pm
Published on:
31 Jul 2026 05:52 pm