नई दिल्ली

IRS बेटी रेप-मर्डर केस: राहुल मीणा को कैदियों ने पीटा! कोर्ट ने जेल प्रशासन से मांगी रिपोर्ट

IRS Officer Daughter Murder Rahul Meena: दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की कथित रेप के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिवार के पूर्व घरेलू नौकर राहुल मीणा (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वारदात की मुख्य वजह लूट थी।
2 min read
delhi crime Rahul Meena interrogation
IRS अधिकारी की बेटी से रेप और हत्या के आरोपी राहुल मीणा ने कबूला जुर्म (Photo: X/ANI)

दिल्ली के चर्चित भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के रेप और हत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। इस मामले के मुख्य आरोपी राहुल मीणा (23) ने न्यायिक हिरासत के दौरान जेल में अन्य कैदियों द्वारा अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। इस दावे के बाद साकेत कोर्ट ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मेडिकल जांच (MLC) कराने का निर्देश दिया है और अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

कोर्ट का सख्त रुख, मेडिकल जांच के आदेश

राहुल मीणा को 7 दिनों की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद सोमवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान उसने अदालत में दावा किया कि जेल में उसके ऊपर कुछ कैदियों ने हमला किया है। इस पर ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास दीपिका ठकरान ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि आरोपी की मेडिकल लीगल केस (MLC) रिपोर्ट तैयार कर अगली सुनवाई में पेश की जाए। साथ ही कोर्ट ने आरोपी की न्यायिक हिरासत को 8 मई तक बढ़ा दिया है।

बता दें कि राहुल मीणा पर दिल्ली में एक वरिष्ठ IRS अधिकारी के घर में घुसकर उनकी बेटी की हत्या और दुष्कर्म करने का आरोप है। इस सनसनीखेज मामले में दिल्ली पुलिस ने 22 अप्रैल को राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया था। वह पीड़ित परिवार के यहां आठ महीनों तक घरेलू नौकर के तौर पर काम कर चुका था।

राहुल मीणा पर आरोप है कि उसने 22 अप्रैल की सुबह राष्ट्रीय राजधानी में वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी से पहले रेप किया फिर मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फरार होने से पहले, वह घर में रखी नकदी और कीमती सामान भी ले गया। इस मामले में अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि उसके चेहरे पर पछतावा नहीं है, वह बेहद शांत होकर सवालों के जवाब दे रहा। उसने पूछताछ में कबूल किया कि वारदात की मुख्य वजह लूट थी।

पुलिस जांच में क्या-क्या सामने आया

दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट को बताया कि आरोपी के पास से नकदी और जेवर बरामद किए गए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने उस पूरे रूट का पता लगाया, जिससे होकर राहुल मीणा वारदात को अंजाम देने के लिए अलवर से दिल्ली आया था।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अपराध में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

23 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने आरोपी की चार दिन की पुलिस हिरासत मांगी थी ताकि मोबाइल फोन की रिकवरी, परिवार के सदस्यों से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।

हालांकि, लीगल एड डिफेंस काउंसल ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि पुलिस ने पहले ही तेजी से कार्रवाई की है और इतनी लंबी हिरासत की जरूरत नहीं है।

इसके बाद 27 अप्रैल को साकेत कोर्ट ने पुलिस हिरासत खत्म होने पर राहुल मीणा को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

Updated on:
05 May 2026 09:48 am
Published on:
05 May 2026 09:17 am