
Murder News: दिल्ली से सटे नोएडा के जेवर इलाके में एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। दरअसल, मां-बेटे के बीच आपसी विवाद में 25 साल का युवक इतना हिंसात्मक हो गया कि उसने डंडे और परात से अपनी मां के ऊपर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आपको बता दें यह पूरा मामला जेवर के कोतवाली क्षेत्र के दयौरार गांव का है। यहां पर वीरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। बुधवार को 55 वर्षीय पत्नी रुक्मणी का अपने बेटे के साथ झगड़ा हो गया। बहस करने के दौरान अचानक उसका बेटा आपा खो बैठा और डंडे और परात से अपनी ही मां रुकमणी पर हमला करने लगा। झगड़े की आवाज सुनकर मौके पर पड़ोसी पहुंचे तो देखा कि महिला लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। पड़ोसियों ने महिला को आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस मामले में आरोपी युवक के पिता ने बेटे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पिता वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा कृष्ण कुमार काफी समय से मानसिक रूप से बीमार है। उसका इलाज भी चल रहा है, लेकिन कोई आराम नहीं मिला। पिछले 10 दिनों से वह घर भी नहीं आ रहा था। मंगलवार की शाम को ही उसे घर लेकर आए थे। बुधवार को रुक्मणी किसी काम से अपने घर में गई थी। वहीं पर बेटे कृष्ण से कुछ विवाद हो गया। इसके बाद बेटे ने मां पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
किसान वीरेंद्र के लिए यह घटना मुसीबत बन गई। एक तरफ पत्नी की मौत हो गई, वहीं बेटा जेल चला गया। किसान ऐसे में अकेला पड़ गया। बेटे की मानसिक बीमारी से पिता पहले से परेशान रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी कृष्ण किसान वीरेंद्र का इकलौता बेटा है। इस घटना के बाद से पिता परेशान है।
इस घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि मां-बेटे के बीच भोजन को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि मां को भोजन बनाने में देरी हो गई थी और बेटा भोजन मांग रहा था। इसी के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद मानसिक रूप से बीमार बेटे ने मां पर हमला कर दिया।
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।