24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली के नंद नगरी में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू टूरिस्ट बस ने कई वाहनों को रौंदा, 1 की मौत

Delhi Road Accident: दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बुधवार देर रात एक अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने लाल बत्ती पर खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। दो की हालत गंभीर है और बस चालक मौके से फरार हो गया।
2 min read
Google source verification
Delhi accident news

दिल्ली के नंद नगरी में बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी(फोटो-IANS)

Delhi Nand Nagri accident: दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दहशत फैला दी। फ्लाईओवर से उतर रही एक अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने लाल बत्ती पर खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

लाल बत्ती पर खड़े वाहनों को मारी टक्कर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा नंद नगरी डिपो के पास हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि यूपी नंबर की टूरिस्ट बस फ्लाईओवर से उतरते ही अनियंत्रित हो गई और लाल बत्ती पर इंतजार कर रहे वाहनों को रौंदती चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस कई वाहनों को काफी दूर तक घसीटती ले गई। एक बाइक तो बस के पहिये में फंस गई थी, जिसे बस काफी दूर तक घसीटती रही।

मौके पर मची चीख-पुकार, घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अभी मृतक और घायलों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

बस छोड़कर भागा चालक, पुलिस कर रही तलाश


मौजूद लोगों के मुताबिक, बस काफी दूर जाकर रुकी। जैसे ही वाहन रुका, चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इनमें तीन बाइक, एक कैब और हादसे में शामिल टूरिस्ट बस शामिल है।

हादसे के बाद लगा जाम, जांच में जुटी पुलिस


इस भीषण टक्कर के बाद नंद नगरी इलाके में लंबा जाम लग गया। लोगों में भारी गुस्सा भी देखा गया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही, कब्जे में लिए गए वाहनों के आधार पर मृतक और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

बड़ी खबरें

View All

राष्ट्रीय

ट्रेंडिंग