
Karol Bagh Building Fire News: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। इमारत के ऊपरी हिस्से में संचालित पीजी में रह रहे दो छात्र अंदर फंस गए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी ने बड़ा हादसा होने से पहले ही स्थिति संभाल ली और दोनों छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी, उसके बेसमेंट में जूते बनाने की एक छोटी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट संचालित होती थी, जबकि ऊपर की मंजिलों पर पीजी चल रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग नीचे से शुरू हुई और कुछ ही देर में धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। इससे पीजी में मौजूद छात्रों के बाहर निकलने का रास्ता प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के दौरान एक छात्र को हल्की चोटें आईं, जिसे एहतियात के तौर पर सर गंगा राम अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य और स्थिर है।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को लगाया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया गया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी की। अधिकारियों ने बताया कि आग के दौरान इमारत में मौजूद अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर राहत और बचाव कार्य बिना किसी बाधा के पूरा कराया।
फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।