नई दिल्ली

Punjab Politics: BJP-अकाली दल के गठबंधन पर केजरीवाल का पलटवार, बोले- हमारा गठबंधन तो पंजाब की जनता से है

Arvind Kejriwal Statement: BJP और अकाली दल के छह साल बाद फिर साथ आने पर अरविंद केजरीवाल ने तंज कसा। बोले- AAP का गठबंधन पंजाब की माताओं-बहनों, किसानों, व्यापारियों और जनता के साथ है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 2:10 PM IST
Punjab Election
BJP-अकाली दल गठबंधन पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि AAP का साथ पंजाब की जनता के साथ है। (फोटो सोर्स-IANS)

AAP News: पंजाब में BJP और शिरोमणि अकाली दल के फिर से साथ आने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बयान दिया है। उन्होंने दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ पार्टियां सत्ता के लिए गठबंधन करती हैं। कभी साथ आती हैं तो कभी अलग हो जाती हैं। इसके उलट आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है।

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने कहा कि AAP का साथ पंजाब की माताओं-बहनों, अनुसूचित जाति (SC) समाज, किसानों और व्यापारियों के साथ है। उनकी पार्टी इन सभी वर्गों के हितों और पंजाब के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच साल में उन्होंने पंजाब को बेहतर बनाने के लिए मेहनत की है।

'सत्ता के लिए कभी साथ, कभी अलग हो जाते हैं'

BJP और अकाली दल के गठबंधन पर तंज कसते हुए केजरीवाल ने कहा कि इन पार्टियों का साथ सत्ता के हिसाब से बदलता रहता है। कभी दोनों एक साथ आ जाती हैं तो कुछ समय बाद अलग हो जाती हैं। अब फिर दोनों ने हाथ मिला लिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद पंजाब के लोगों के लिए काम करना है।

कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था पुराना गठबंधन

BJP और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल पुराना था। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। इसके बाद दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़े।

अब छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर साथ आ गई हैं। 24 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन का ऐलान किया गया। दोनों दल 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

पंजाब में चुनावी मुकाबले की तैयारी तेज

BJP और अकाली दल के साथ आने से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बन गए हैं। राज्य में पहले से आम आदमी पार्टी की सरकार है, जबकि कांग्रेस भी प्रमुख राजनीतिक ताकत है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। केजरीवाल ने अपने बयान के जरिए साफ कर दिया है कि AAP इस गठबंधन का जवाब अपने काम और जनता से जुड़ाव के मुद्दे पर देगी।

नशे के मुद्दे पर BJP-अकाली दल को घेरा

BJP और अकाली दल के गठबंधन पर AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के बीच जब पंजाब में दोनों दलों की सरकार थी, तब नशे की समस्या गांव-गांव तक पहुंच गई थी। ढांडा ने कहा कि अब दोनों पार्टियां फिर साथ आ गई हैं, जिससे पंजाब के लोगों के पुराने जख्म ताजा हो गए हैं।

मजीठिया का नाम लेकर BJP से पूछा सवाल

अनुराग ढांडा ने अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम लेते हुए उन पर नशे के कारोबार से जुड़े होने के आरोप लगाए। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नशा खत्म करने की बात करते हैं, तो फिर BJP ऐसे नेताओं के साथ गठबंधन करके यह काम कैसे करेगी? ढांडा ने दावा किया कि भगवंत मान सरकार ने पिछले चार से साढ़े चार साल में पंजाब में नशे के कारोबार पर काफी हद तक लगाम लगाई है।