दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो लड़कियों को प्यार के जाल में फंसाकर लूटता था। आरोपी ने डीयू में पढ़ने वाली लड़की के साथ भी ऐसा किया और उसी का घर लूटने पहुंच गया। लड़की ने मना किया तो उसने उस पर चाकुयों से 20-25 बार हमला कर दिया।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लड़कियों के लूटने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह शख्स पहले लड़कियों से दोस्ती करता था फिर उनसे प्यार का नाटक करता और अपने जाल में फंसा कर लूट और ठगी की घटना को अंजाम देता था। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय की एक स्टूडेंट को ऐसे ही फंसाया और फिर उसी का घर लूटने लगा। विरोध करने पर उसने लड़की पर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर डाले।
लड़की को लूटने लगा प्रेमी
बता दें कि यह घटना वेस्ट दिल्ली के मोती नगर की है। मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पहले तो डीयू में पढ़ने वाली लड़की से दोस्ती की और उससे नजदीकियां बढ़ाईं। उसने लड़की को अपने प्यार के जाल में फंसाया और एक दिन उसी का घर लूटने जा पहुंचा। लड़की ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसके ऊपर चाकुओं से 20-25 बार हमला कर दिया।
चाकुओं के वार से लड़की के लंग्स तक फट गए
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने लड़की को एम्स में भर्ती कराया। बता दें कि आरोपी ने चाकुओं से इतने वार किए कि डाक्टरों को उसे बचाने के लिए दो-तीन ऑपरेशन करने पड़े। चाकूओं का घाव इतना गहरा है कि लड़की के लंग्स तक फट गए है। डॉक्टरों के अनुसार लड़की की हालत नाजुक बनी हुई है।
10 और लड़कियों से थी दोस्ती
आपको बता दें कि आरोपी ने इसी तरह 10 और लड़कियों से दोस्ती कर रखी थी और कईयों को ठग भी चुका था। पुलिस के मुताबिक आरोपी उन्हीं लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था, जिनकी माली हालत अच्छी होती थी।
मानसिक रूप से बीमार है आरोपी
वहीं, जब दिल्ली पुलिस ने आरोपी की क्रिमिनल हिस्ट्री चेक की तो पता चला की वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फूटेज खंगाले। सीसीटीवी में देखा गया कि आरोपी एक जगह खड़े होकर खून से सने कपड़े बदल रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करा दिया, ताकि वह भाग न सके। आखिर में कड़ी मशक्कत के बात पुलिस ने उसे धर दबोचा और जेल भेज दिया।