नई दिल्ली

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड: साकेत मैक्स अस्पताल में भर्ती सभी 13 मरीज सुरक्षित, 4 विदेशी मरीजों को आज मिलेगी छुट्टी

Malviya Nagar Fire Incident Delhi: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड के 13 मरीजों का साकेत मैक्स अस्पताल में इलाज जारी है। सभी मरीजों की हालत स्थिर है, जिनमें से 4 विदेशी मरीजों को आज छुट्टी दी जा रही है।

2 min read
Malviya Nagar Fire Incident Delhi
घटनास्थल की फोटो, सोर्स- IANS

Malviya Nagar Fire Patients ICU: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों को लेकर साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल ने ताजा हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी मरीज अब पूरी तरह से खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति चिकित्सकीय रूप से स्थिर बनी हुई है। अस्पताल द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस समय मालवीय नगर आग हादसे से जुड़े कुल १३ मरीज मैक्स अस्पताल परिसर में उपचाराधीन हैं, जिन्हें डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।

6 मरीज ICU में, 4 विदेशी नागरिकों को आज मिलेगी छुट्टी

बता दें कि अग्निकांड में घायल मरीजों की लगातार देखभाल की जा रही है। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, अस्पताल में फिलहाल 6 मरीज ICU में भर्ती हैं, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं। वहीं, स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद 3 मरीजों को सामान्य वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति पहले से बेहतर है।

विदेशी मरीजों की हालत में सुधार

अस्पताल ने बताया कि भर्ती मरीजों में शामिल 4 विदेशी नागरिकों की सेहत में तेजी से सुधार हुआ है। डॉक्टरों की सलाह के बाद इन चारों मरीजों को आज अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। मैक्स अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, समय पर मिले उपचार और राहत कार्यों की वजह से मरीजों की रिकवरी संतोषजनक है और फिलहाल किसी के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता की बात नहीं है।

अब तक 22 की मौत

दिल्ली के मालवीय नगर (हौजरानी) स्थित 'फ्लोरिश स्टे' होटल में 3 जून 2026 को शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें इलाज के लिए भारत आए नाइजीरिया, किर्गिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के 13 विदेशी नागरिक और गुरुग्राम के एक ही परिवार के सदस्यों सहित 9 भारतीय नागरिक शामिल हैं।

पुलिस कस्टडी में होटल मालिक

वहीं, इस घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है, जबकि रसोइए केशर नेगी की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है, वहीं फरार अकाउंटेंट जय मिश्रा की तलाश जारी है और प्रशासन ने इलाके की 43 अवैध संपत्तियों को सील कर दिया है।

Updated on:
09 Jun 2026 06:32 pm
Published on:
09 Jun 2026 06:21 pm