नई दिल्ली

अमेरिका: बवंडर ने मचाई तबाही, 100 से अधिक लोगों की मौत की आशंका, राज्य आपदा का एलान

अमेरिका के कई प्रांतों में बवंडर के चलते तबाही देखने को मिल रही है। इसके चलते केंटुकी में काफी नुकसान हुआ है, इस बवंडर में करीब 100 लोगों की मौत की आशंका है।

2 min read
Dec 12, 2021
many people dead due to tornado hits in america

नई दिल्ली। अमेरिका के कई प्रांतों में बवंडर के चलते तबाही देखने को मिल रही है। बता दें कि शुक्रवार की देर रात बवंडर और खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। इसके चलते केंटुकी स्थित एक मोमबत्ती फैक्ट्री, इलिनोइस स्थित अमेजन के भवन और अर्कासस स्थित एक नर्सिगहोम में काफी नुकसान हुआ। बवंडर के चलते कई भवन ध्वस्त हो गए, जिसके चलते कई लोगों की मौत हो गई। वहीं कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में कर्मचारियों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। इस दौरान घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए हेलीकाप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं केंटुकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने इसे राज्य आपदा घोषित कर दिया है।

केंटुकी में 50 लोगों की मौत
बेशियर ने इस त्रासदी को दुखद बताया है। उन्होंने बताया कि मेफील्ड स्थित एक फैक्ट्री में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। उनका कहना है कि जब बवंडर आया, तब फैक्ट्री में करीब 110 लोग मौजूद थे। आशंका है कि इस भीषण त्रासदी में केंटुकी के 50 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। वहीं मृतकों की संख्या 70 से 100 तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि यह बहुत कठिन समय है, ऐसे में हमें सभी की सलामती के लिए दुआ करनी चाहिए।

अमेजन की इमारत को भी हुआ नुकसान
बवंडर के चलते कई मकान ध्वस्त हो गए, वहीं अमेजन की इमारत की छत उड़ने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही अर्कासस स्थित मानेट मैनोर नर्सिगहोम का भवन गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए हैं। वहीं ट्रूमन स्थित एक नर्सिगहोम भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए अमेजन के प्रवक्ता ने कहा कि कर्मचारियों का हित कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी कंपनी मामले पर नजर बनाए हुए है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंटुकी में रातभर में 4 बार बवंडर आया, जिसने 12 से अधिक काउंटी में भारी तबाही मचाई। बवंडर के चलते कई मकान ढह गए और सड़कों, पेड़ को भी काफी नुकसान हुआ है। वहीं बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई है। इस दौरान कई लोगों की मौत भी हुई है। गवर्नर बेशियर ने बताया कि बवंडर ने प्रांत के 365 किलोमीटर से अधिक बड़े दायरे में काफी नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल राहत और बचाव टीम स्थिति को काबू में लाने की कोशिश में जुटी हुई है।

Published on:
12 Dec 2021 12:20 am
Also Read
View All