नई दिल्ली

भुखमरी से दिल्ली में मौत: बीजेपी ने मांगा आप सरकार का इस्तीफा, कांग्रेस बोली- जवाब दें सिसोदिया

दिल्ली के मंडावली में तीन बच्चों की भूख से हुई मौत पर दिल्ली सरकार घिर गई है। केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी और दिल्ली की सत्ता से बेदखल कांग्रेस ने दिल्ली की आप सरकार से इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2018, 5:00 PM IST
aap
भुखमरी से दिल्ली में मौत: बीजेपी ने मांगा आप सरकार का इस्तीफा, कांग्रेस बोली- जवाब दें सिसोदिया

नई दिल्ली। सत्ता के सबसे बड़े केंद्र राष्ट्रीय राजधानी में संसद भवन से महज 10 किलोमीटर दूर पूर्वी दिल्ली के मंडावली में तीन मासूम बच्चों ने भूख से तड़पते हुए दम तोड़ दिया। खबर चैनलों, वेबसाइटों और अखबारों से होते हुए पूरे देश में पहुंची। हर कोई सरकार पर सवाल उठाने लगा। दिल्ली सरकार ने केंद्र के माथे पर इसका ठीकरा फोड़ा, तो केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी और दिल्ली की सत्ता से बेदखल कांग्रेस ने दिल्ली सरकार से इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया।

उप मुख्यमंत्री के क्षेत्र में हुई मौत, सीएम से इस्तीफे की मांग

भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने गुरुवार को लोकसभा में तीन बच्चियों की भुखमरी से हुई मौत का मुद्दा उठाया और दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को हटाने की मांग की। दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने शून्यकाल के दौरान कहा कि पूर्वी दिल्ली के मंडावली क्षेत्र में भूख के कारण तीन बच्चियों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह मौतें उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के निर्वाचन क्षेत्र में हुईं हैं। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय मानक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद रहा कि राज्य सरकार बिल्कुल निष्क्रिय हो चुकी है। सीएम केजरीवाल को अब इस्तीफा दे देना चाहिए।

'किस काम की ऐसी सरकार'

बीजेपी सांसद ने चिन्हित किया कि दिल्ली में करीब 2,500 राशन की दुकानें हैं लेकिन गरीबों को फिर भी राशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इस बात की पुष्टि हुई है कि मौत भुखमरी से हुई है। इसलिए दिल्ली सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

सिसोदिया पर झूठ बोलने का आरोप

पूर्वी दिल्ली से सांसद महेश गिरी ने सिसोदिया पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। सिसोदिया के दावे को गलत करार देते हुए उन्होंने कहा कि परिवार यहां कई सालों से रह रहा है, जबकि सिसोदिया ने कहा था कि परिवार को यहां आए दो दिन ही हुए हैं। सांसद ने मांग करते हुए कहा कि राशन घोटाला इन बच्चियों की मौत का सबसे बड़ा कारण है। उन्हें दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे मोहल्ला क्लीनिक में सही उपचार नहीं दिया गया। दिल्ली सरकार को सत्ता से बाहर कर देना चाहिए।

शराब को बढ़ावा दे रही दिल्ली सरकार

पश्चिम दिल्ली से बीजेपी सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा ने एक खबर का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली के आबकारी विभाग का राजस्व पिछले साल 41 फीसदी तक बढ़ गया है। दिल्ली में करीब 1,500 नई शराब की दुकानें खुली हैं, गरीब अपनी आय शराब पर खर्च कर रहा है और दिल्ली सरकार उन्हें बढ़ावा दे रही है। इससे पहले दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने परिवार से मुलाकात की। उनसे मिलने के बाद उन्होंने दिल्ली सरकार पर राशन आपूर्ति को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। तिवारी लोकसभा में उत्तरपूर्वी दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं।

तीन बहनों की मौत, पिता गायब

बता दें कि मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में एक ही परिवार में तीन बच्चियों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तीन सगी बहनों की जान भूख की वजह से हुई थी। जैसे ही यह मामला मीडिया में आया, उससे बाद इसने तेजी से तूल पकड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद दिल्ली सरकार ने बच्चियों की मौत की वजह जानने के लिए मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दे दिए।

Published on: