
Very Heavy Rain Warning: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून की वापसी हो सकती है। इसके चलते कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। ऐसे में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने दिल्ली में कभी भी बाढ़ आने की संभावना जताई है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह तकरीबन नौ बजे यमुना का जलस्तर 205.22 मीटर तक पहुंच गया। जो खतरे के निशान यानी 205.33 मीटर से कुछ ही कम है। ऐसे में यमुना किनारे स्थित इलाकों में कभी भी बाढ़ आ सकती है। बाढ़ नियंत्रण विभाग की मानें तो दो बैराजों से पानी छोड़ने के चलते यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
दिल्ली के अधिकारियों का कहना है कि यमुना के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके अलावा बाढ़ की संभावना को देखते हुए सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क किया गया है। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने HT को बताया कि वजीराबाद और हथिनी बैराज से हर घंटे यमुना में पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों का कहना है कि हथिनी बैराज से हर घंटे लगभग 38897 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा, जबकि वजीराबाद बैराज से 45620 क्यूसेक पानी हर घंटे छोड़ा जा रहा है। दिल्ली में बाढ़ चेतावनी का स्तर 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। यमुना में जलस्तर 206 मीटर पहुंचते ही निचले इलाकों से लोगों की निकासी शुरू कर दी जाती है। उन्होंने बताया कि बैराज से छोड़े गए पानी को दिल्ली तक पहुंचने में लगभग 48 से 50 घंटे का समय लगता है।
दूसरी ओर, लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र ने 16 अगस्त को पश्चिमी यूपी में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह की मानें तो मानसून ट्रफ अब बीकानेर, कोटा, दमोह, बिलासपुर से होकर गुजर रही है और वहां से दक्षिण ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम-मध्य के आसपास के क्षेत्रों पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून के मेहरबान होने की संभावना तेज हो गई है।
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी दी है। उनमें गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बिजनौर, अमरोहा, संभल, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली और इससे सटे इलाके शामिल हैं। वहीं बात अगर दिल्ली की करें तो आज दिल्ली में बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी गई है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को दिल्ली में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं। शाम को धूलभरी हवाएं चलने के साथ ही हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।