Shivam Murder Case: राष्ट्रीय राजधानी में एक भाई ने अपनी बहन के प्रेमी को सरेआम मार डाला। प्रेमी की उम्र करीब 20 साल थी। पुलिस ने प्रेमिका के नाबालिग भाई को हिरासत में लिया तो मामले की चौंकाने वाली सच्चाई सामने आ गई।
Shivam Murder Case: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में दोस्ती, प्यार और रिलेशनशिप को लेकर उपजे विवाद में एक 20 साल के युवक की जान चली गई। इस मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी की बहन के साथ मृतक शिवम रिलेशनशिप में था। मृतक के परिजनों का कहना है कि जिस लड़की के साथ शिवम रिलेशनशिप में था, उसकी मां भी शिवम से शादी करना चाहती थी, लेकिन शिवम इसके लिए तैयार नहीं था। दोनों के घर अगल-बगल में हैं। इसलिए लड़के-लड़की में दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और लड़की की मां भी शिवम से प्यार करने लगी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्यारोपी नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। उसने अपनी बहन के साथ युवक के रिश्ते से नाराजगी में हत्या की वारदात को अंजाम देने कबूल किया है।
2 फरवरी की रात हुई इस सनसनीखेज घटना में 20 साल के शिवम की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में लड़की के नाबालिग भाई को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान 24 साल के अक्षत उर्फ हन्नी और 19 साल के मनियाह के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस लड़की के नाबालिग भाई से पूछताछ में जुटी है। दूसरी ओर मृतक शिवम की बहन ने पुलिस को बताया कि भाई की हत्या के बाद से उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवम की बहन ने पुलिस को ये भी बताया कि जिस लड़की के साथ शिवम रिलेशनशिप में था, उसकी मां भी शिवम के साथ ही रहना चाहती थी। इसको लेकर कॉलोनी में बवाल भी हुआ था, जिसके पंचायत बुलाई गई। पंचायत में तय हुआ था कि दोनों परिवार एक-दूसरे से मतलब नहीं रखेंगे। इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ।
शिवम की बहन ने पूछताछ के दौरान ये भी बताया कि शिवम की गर्लफ्रेंड की मां बहाने से उसके घर आती थी। वह जादू-टोना करके शिवम को अपने वश में करना चाहती थी, जब उसे लगा कि शिवम उसके झांसे में नहीं आएगा तो उसने सोमवार की रात शिवम की जान ले ली। शिवम की बहन ने पुलिस से कहा "अगर मेरा भाई अपनी गर्लफ्रेंड की मां से शादी के लिए राजी हो जाता तो उसकी हत्या नहीं होती। दोनों घर अगल-बगल होने के चलते दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। इसी के चलते यह वारदात हो गई। वहीं शिवम की मां ने पुलिस को बताया "घर के बाहर ही शिवम पर आरोपी ताबड़तोड़ चाकू बरसाते रहे। मेरा बेटा बचाओ-बचाओ चिल्लाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की।"
इस मामले में डीसीपी वेस्ट शरद भास्कर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि गंभीर रूप से घायल शिवम को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि एक चश्मदीद ने पीसीआर कॉल के जरिए वारदात की सूचना दी थी। जिसके आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे पश्चिमी जिले के तिलक विहार-80 गज में हुई। मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह नाबालिग आरोपी की बहन और शिवम के बीच चल रहा रिलेशनशिप था। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग आरोपी को अपनी बहन का शिवम के साथ रिश्ता मंजूर नहीं था, इसी कारण दोनों के बीच पहले से व्यक्तिगत दुश्मनी चल रही थी। डीसीपी शरद भास्कर ने बताया, "नाबालिग आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शिवम को रास्ते में रोका। इस दौरान उनके बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। झगड़े के दौरान शिवम पर चाकू से कई वार किए गए।"
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने अक्षत उर्फ हन्नी (24) और मनियाह (19) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल हत्या में किए जाने की आशंका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।