
Vaishnavi Aware murder Nashik: नासिक के इंदिरा नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां एक पीजी (PG) में रहने वाली वैष्णवी अवारे नाम की युवती की शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे निर्मम हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खूनी वारदात को अंजाम देने के कुछ ही समय बाद, आरोपी प्रेमी साहिल लवरे का शव भी इंदिरा नगर जॉगिंग ट्रैक के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला। इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
इंदिरा नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मृतक वैष्णवी की मुलाकात शिकायतकर्ता (वैष्णवी के होने वाले मंगेतर) की बहन से इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों परिवारों में बातचीत बढ़ी। वैष्णवी के माता-पिता नहीं थे और उसके दादा-दादी गांव में रहते थे। वैष्णवी स्वभाव की अच्छी थी, इसलिए शिकायतकर्ता के परिवार ने दोनों की शादी कराने का फैसला किया। शादी की बातचीत के दौरान वैष्णवी ने अपने मंगेतर को पूरी सच्चाई बता दी थी कि पहले उसका साहिल लवरे (निवासी उमरखेड़, यवतमाल) के साथ अफेयर था और वे दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे। वैष्णवी की इस ईमानदारी से उसका मंगेतर पर भरोसा और मजबूत हो गया था।
शादी तय होने की बात जब पूर्व प्रेमी साहिल लवरे को पता चली, तो वह आगबबूला हो गया और वैष्णवी को फोन पर प्रताड़ित करने लगा। शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे साहिल ने वैष्णवी के मंगेतर को भी फोन किया और धमकी भरे लहजे में कहा कि 'वैष्णवी को समझाओ और उसे वापस मेरे पास भेज दो।' इसके बाद शुक्रवार रात को साहिल जबरन वैष्णवी के पीजी (इंदिरा नगर) पहुंच गया। घबराई हुई वैष्णवी ने तुरंत अपने मंगेतर को फोन लगाया और कह कि साहिल यहां आ गया है।' इसके बाद फोन कटा नहीं और मंगेतर लाइन पर ही रहा। यह कॉल करीब 22 मिनट तक चलती रही, जिसमें मंगेतर फोन के दूसरी तरफ से साहिल की हैवानियत और अपनी होने वाली पत्नी की हत्या की पूरी खौफनाक वारदात को बेबसी से सुनता रहा।
वैष्णवी की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी साहिल लवरे मौके से फरार हो गया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद इंदिरा नगर जॉगिंग ट्रैक के पास एक पेड़ से उसका शव लटकता हुआ पाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मंगेतर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।