नई दिल्ली

मासूमों की चीखों से दहला नूंह: मां ने तीन बेटियों के साथ मौत के कुएं में लगाई छलांग, दो शव बरामद

Nuh crime News: हरियाणा के नूंह में दिल दहला देने वाली घटना: घरेलू कलह के चलते 28 वर्षीय महिला अपनी तीन मासूम बेटियों संग 70 फुट गहरे कुएं में कूदी। दो बच्चियों के शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।

2 min read
Mar 09, 2026

Nuh crime News:हरियाणा के नूंह जिले के बदोपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना घटी। फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में एक महिला अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ 70 फुट गहरे कुएं में कूद गई। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए हैं। महिला और उसकी तीसरी बेटी फिलहाल लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

28 साल की महिला साहिला पत्नी शाहिद और तीनों बच्चियां नूंह जिले के बदोपुर गांव में रहती थी। तीनों बच्चियों की उम्र 4 वर्ष और 7 वर्ष जबकि एक तो सिर्फ 5 महीने की थी। गांव वालों की मदद से पुलिस बचाव अभियान चला रही, लेकिन अभी तक दो शव ही मिले हैं।

ये भी पढ़ें

‘मैं तुम्हारा दोस्त हूं..’ छात्रा को अपने प्राइवेट केबिन में बुलाया शिक्षक, फिर अचानक चिल्लाते हुए भागी लड़की

भरी दोपहर अचानक कूदी कुएं में

सोमवार की वह दोपहर बदोपुर गांव के लिए किसी काल की तरह आई। गांव की गलियों में पसरा सन्नाटा अचानक चीख-पुकार और शोर में बदल गया। हर कोई एक ही दिशा में भाग रहा था। उस पुराने कुएं की ओर, जो देखते ही देखते मौत के जाल में तब्दील हो चुका था। जैसे ही लोग वहां पहुंचे, खबर ने सबके पैरों तले जमीन खिसका दी। पता चला कि एक मां अपनी तीन मासूम बेटियों को कलेजे से लगाए उस 70 फुट गहरे अंधेरे कुएं में समा गई है। कुएं के तल में गहरा पानी और ऊपर ग्रामीणों का हाहाकार, हर कोई बेबस था, लेकिन उम्मीद का दामन थामे बचाव में जुट गया।

लोहे के जाल, ऑक्सीजन सिलेंडर और रस्सियों के सहारे रेस्क्यू

जल्द ही फिरोजपुर झिरका पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोहे के जाल, ऑक्सीजन सिलेंडर और रस्सियों के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर उस अथाह पानी को खंगालना शुरू किया। भारी मशक्कत के बाद जब कुएं से दो नन्हीं बच्चियों के बेजान शरीर बाहर निकले, तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं।

गोताखोरों की टीम को मोर्चे पर

70 फुट गहरा वह कुआं अब भी रहस्य बना हुआ था क्योंकि महिला और उसकी एक बेटी का कहीं सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की टीम को मोर्चे पर लगाया। सदर थाना पुलिस ने बरामद हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, जबकि पानी की लहरों के बीच अब भी दो और जिंदगियों की तलाश जारी है। बदोपुर के उस कुएं के पास खामोशी अब और भी डरावनी हो गई थी।

प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह का मामला

महिला के इस तरह से खौफनाक कदम उठाने के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू कलह का लग रहा है। अभी तक पुलिस को किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, अभी इस मामले में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

ये भी पढ़ें

दिल्ली में भीषण हादसा: डीटीसी बस ने ई-रिक्शा और कई गाड़ियों को रौंदा, 2 की मौत…गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग

Also Read
View All

अगली खबर