नई दिल्ली

Omicron Variant: नए वेरिएंट के बीच भारत में फिर तेज हुआ टीकाकरण अभियान, आज फिर लगाई गई एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन, 127 करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा

देश में फिर एक करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन लगाई गई। देश में टीकाकरण का आंकड़ा 127 करोड़ को पार कर गया है।

2 min read
Dec 04, 2021
Omicron Variant, india achieves another one crore covid vaccinations

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने भारत में दस्तक दे दी है। इसके चलते भारत सरकार अलर्ट हो गई है और इस वेरिएंट को फैलने से रोकने के लिए रणनीति बना रही है। इसी बीच देश में धीमे पड़ गए कोरोना टीकाकरण अभियान ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। जानकारी के मुताबिक बीते दिन देश में फिर एक करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन लगाई गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। बताया गया कि आज फिर देश में एक करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन लगाई गई हैं। इसके साथ ही देश में टीकाकरण का आंकड़ा 127 करोड़ को पार कर गया है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर कहा कि हाल ही में शुरू हुआ हर घर दस्तक अभियान के साथ दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह अभियान आए दिन नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया इसी क्रम में आज फिर भारत ने एक करोड़ वैक्‍सीन लगाई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश में कोविड रोधी टीकाकरण कवरेज ने 127,49,96,681 का आंकड़ा छू लिया है। वहीं हिमाचल प्रदेश ने कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश सभी वयस्कों का टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। प्रदेश सरकार के आधिकारिक प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि राज्‍य के अर्हता प्राप्त 53,86,393 वयस्कों को टीके की दूसरी खुराक दे दी गई है।

अगर भारत में कोरोना की स्थिति की बात करें तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 8,603 नए मामले मिले हैं, वहीं 415 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना के सक्रिय मामलों में भी मामूली गिरावट आई है। वहीं दूसरी ओर अब तक भारत में कोरोना के नए ओमिक्रॉन वेरिएंट के 4 मामले सामने आ चुके हैं।

बता दें कि कोरोना का यह नया वेरिएंट तेजी से दुनियाभर में फैल रहा है। वहीं इसको लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी परेशान हैं। अभी इस वेरिएंट के बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है और न ही इस पर वैक्सीन के प्रभाव के बारे में कोई जानकारी है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस वेरिएंट को लेकर कुछ भी कहने के लिए अभी अध्ययन करने की जरूरत है।

गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस नए वेरिएंट को खतरनाक बताया है। WHO ने कहा कि इस वेरिएंट को दुनियाभर में फैलने से रोकने के लिए यात्रा प्रतिबंध ही काफी नहीं है। इसके लिए देशों को व्यापक इंतजाम करने होंगे। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना का यह नया वेरिएंट बेहद खतरनाक है, जो भारत में कोरोना की तीसरी लहर का कारण बन सकता है।

Published on:
04 Dec 2021 10:59 pm
Also Read
View All