Passport Seva Van: पासपोर्ट बनवाने या नवीनीकरण के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। जिला सचिवालय से शुरू की गई पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन 17 मार्च तक जिले के अलग-अलग इलाकों में जाकर गांव और मोहल्लों में ही यह सुविधा उपलब्ध कराएगी।
Passport Seva Van: विदेश जाने की चाह रखने वाले लोग अक्सर पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन दफ्तरों के चक्कर लगाने के कारण आवेदन प्रक्रिया लंबी खिंच जाती है। अब इस झंझट से छुटकारा मिलने वाला है, क्योंकि पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट का नवीनीकरण कराने के लिए जिला सचिवालय से पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शुरू की गई है। यह वैन 17 मार्च तक जिले के विभिन्न इलाकों में रहकर सेवाएं देगी और आपके गांव व मोहल्ले में आकर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
आपको बता दें कि हरियाणा के पलवल में इसकी पहली शुरुआत की जा रही है। इस नई पहल को लेकर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी दी कि पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कार्य करेगी, जिसमें रोजाना 50 आवेदनों को निपटाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस पहल के तहत अब पासपोर्ट बनवाने, पुराने पासपोर्ट के नवीनीकरण समेत अन्य सेवाएं सीधे मोहल्लों, सेक्टरों, गांवों और कॉलोनियों में उपलब्ध कराई जाएंगी। पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन का शुभारंभ सोमवार को जिला सचिवालय पलवल से किया गया, जहां उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। यह वैन 17 मार्च तक लगातार 15 दिनों तक विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को सुविधाएं प्रदान करेगी।
यह मोबाइल वैन जिला सचिवालय परिसर से संचालित होगी और आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य इलाकों में भी पहुंचेगी। प्रशासन ने लोगों से समय रहते इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी आदित्य ने बताया कि वैन में दस्तावेजों का सत्यापन करीब पांच मिनट में पूरा किया जा रहा है और यदि किसी कागज में कमी होती है तो आवेदक को तुरंत जानकारी दी जाती है।
आपको बता दें कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आवेदन आगे भेज दिया जाता है और पुलिस सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होते ही पासपोर्ट जारी कर दिया जाएगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध बनी रहेगी।