3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ सदन के कैंटीन ठेकेदार की बेरहमी से हत्या, शव के टुकड़े कर तीन प्लास्टिक बैग में भरकर यमुना में फेंका

Delhi Murder News: दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में कार्यरत 48 वर्षीय कैंटीन ठेकेदार अनुरूप गुप्ता की नृशंस हत्या कर दी गई। आरोपियों ने मछेटी से शव के टुकड़े कर तीन प्लास्टिक बैग में भरकर यमुना नदी में फेंक दिया, जो 28 फरवरी को वृंदावन के पास बरामद हुए।

2 min read
Google source verification
Chhattisgarh Sadan canteen contractor brutally murdered in Delhi

मृतक कैंटीन ठेकेदार की फोटो

Delhi Murder News: दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में काम करने वाले 48 वर्षीय कैंटीन ठेकेदार अनुरूप गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, पांच आरोपियों ने पहले उनकी हत्या की, फिर मछेटी से शव के टुकड़े कर तीन प्लास्टिक बैग में भरकर यमुना नदी में फेंक दिए। शव के ये हिस्से 28 फरवरी को वृंदावन के पास नदी से बरामद किए गए।

लूट और उगाही की साजिश में हत्या

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों हैप्पी उर्फ सूरज (29), उसकी लिव-इन पार्टनर राखी (21), भूपेंद्र (27) और बलराम (28) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांचवां आरोपी नीरज फरार है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अनुरूप गुप्ता से पैसे ऐंठने और उनके सोने के गहनों को लूटने की साजिश रची थी। अनुरूप गुप्ता सोने की ज्वेलरी पहनने के शौकीन थे।

पार्टी के बहाने बुलाया, फिर बनाया शिकार

पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी को अनुरूप गुप्ता को मटियाला एक्सटेंशन स्थित एक घर में पार्टी के बहाने बुलाया गया था। वह उसी दिन से लापता हो गए थे। उनकी सफेद किआ सेल्टोस कार का भी कोई पता नहीं चल रहा था। इस दौरान उनके फोन से परिवार और जान-पहचान वालों को लगातार मैसेज और व्हाट्सऐप स्टेटस पोस्ट होते रहे, जिससे परिजनों को शक नहीं हुआ। 23 फरवरी को परिजनों ने द्वारका नॉर्थ थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

CCTV और रैपिडो राइड से खुला राज

डीसीपी द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि 18 फरवरी को अनुरूप ने छत्तीसगढ़ सदन से रैपिडो बाइक बुक की थी और अपनी कार वहीं छोड़ दी थी। रैपिडो राइडर ने उन्हें मटियाला एक्सटेंशन के एक मकान पर छोड़ा, जहां वह अंदर गए लेकिन फिर कभी बाहर नहीं आए। अगले दिन अनुरूप की कार को उसी इमारत के बेसमेंट से निकलते और बाद में यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए वृंदावन की ओर जाते देखा गया।

मछेटी से किए शव के टुकड़े

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अनुरूप को बांधकर पैसे और गहनों की मांग की। जब उन्होंने इनकार किया, तो उनकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद सूरज ने मछेटी से शव के टुकड़े किए और उन्हें तीन बैग में भरकर यमुना में फेंक दिया। पुलिस फरार आरोपी नीरज की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।