नई दिल्ली

‘मैं भी कभी आपकी जगह था’, BJP की नई टीम के साथ PM मोदी की 4 घंटे लंबी बैठक, 65 पदाधिकारियों से की वन-टू-वन बात

PM Modi BJP Meeting: बीजेपी के नए पदाधिकारियों की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने साझा किए अपने पुराने अनुभव। जानिए संगठन को मजबूत करने और Gen Z-Gen Alpha युवाओं को जोड़ने का क्या है पूरा प्लान।
2 min read
BL Santhosh BJP, BJP Parliamentary Board Names
BJP की नई टीम के साथ PM मोदी की 4 घंटे लंबी बैठक (फोटो सोर्स- ANI)

PM Modi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक लंबी और अहम बैठक हुई। दिल्ली में आयोजित इस बैठक में पीएम मोदी ने करीब सवा चार घंटे तक पार्टी के 65 पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने न केवल संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए, बल्कि संगठन मंत्री के रूप में अपने पुराने दिनों के अनुभव भी साझा किए।

एक-एक पदाधिकारी से मिले, साझा किए पुराने अनुभव

पीएम मोदी ने बैठक में मौजूद सभी 65 पदाधिकारियों से व्यक्तिगत तौर पर बातचीत की और उनका परिचय लिया। बैठक के दौरान एक भावुक और प्रेरक पल तब आया जब पीएम ने कहा कि मैं भी कभी आपकी जगह था और संगठन मंत्री के रूप में कार्य करता था। उन्होंने बताया कि उस दौर में उनके सामने क्या चुनौतियां थीं और उन्होंने किस तरह संगठन को आगे बढ़ाया। इसके साथ ही उन्होंने नई टीम को नई सोच के साथ काम करने और जनता से सीधा व गहरा जुड़ाव बनाने की सलाह दी।

साथ में खाना और बैठकों का दौर

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने सभी पदाधिकारियों के साथ बैठकर मिलेट्स (मोटे अनाज) से बना खाना खाया। इसके अलावा पीएम मोदी ने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष के साथ अलग से भी बैठकें की। माना जा रहा है कि नितिन नवीन के साथ हुई बैठक में बीजेपी संसदीय बोर्ड के नए सदस्यों के नामों पर अंतिम चर्चा हुई है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जा सकती है।

युवाओं को जोड़ने के लिए 'युवा संवाद' अभियान

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम को निर्देश दिए कि वे युवाओं के साथ लगातार संपर्क साधें। इसके लिए बीजेपी 'युवा संवाद' जैसे बड़े राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत 14 वर्ष और उससे अधिक उम्र के युवाओं, यानी Gen Z और Gen Alpha को पार्टी के साथ जोड़ने पर मुख्य फोकस रहेगा। इस काम के लिए देशभर में वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) इन टीमों के गठन और उन्हें धरातल पर सक्रिय करने का पूरा जिम्मा संभालेगा।
इस दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल हो रहे हैं, जहां आगे के कार्यक्रमों और रणनीतियों पर बात होगी।

Updated on:
23 Aug 2026 01:16 pm
Published on:
23 Aug 2026 12:58 pm