नई दिल्ली

जनकपुरी मौत का गड्ढा मामला: दिल्ली पुलिस ने दाखिल की 877 पन्नों की चार्जशीट, 3 आरोपी नामजद

Kamal Dhyani Death: दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर हुई कमल ध्यानी की मौत के मामले में पुलिस ने 877 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इस रिपोर्ट में तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
2 min read
Feature image
snap from x video

Delhi News: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के खुले गड्ढे में गिरकर हुई 25 वर्षीय बाइक सवार कमल ध्यानी की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। 7 अप्रैल को कोर्ट में पेश की गई इस 877 पन्नों की चार्जशीट में लापरवाही के लिए तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है।

पुलिस ने इस मामले में जिन तीन लोगों को नामजद किया है, उनमें हिमांशु गुप्ता (45), जो मुख्य ठेकेदार कंपनी के निलंबित निदेशक हैं, राजेश कुमार (47), जो प्रोजेक्ट से जुड़े सब-कॉन्ट्रैक्टर हैं, और योगेश (23), जो इसी प्रोजेक्ट से जुड़ा कर्मचारी है, शामिल हैं। पुलिस ने अदालत को बताया कि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच अभी जारी है और जल्द ही इस मामले में एक सप्लीमेंट्री (पूरक) चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।

10 मिनट में घर पहुंचने का किया था वादा

मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले कमल ध्यानी पालम इलाके में रहते थे और रोहिणी स्थित एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में काम करते थे। 6 फरवरी की रात करीब 11 बजे वे ऑफिस से निकले थे। रात 11:50 बजे उन्होंने अपने परिवार से फोन पर बात की और कहा कि वह घर के पास ही हैं और 10 मिनट में पहुंच जाएंगे। जब वह घर नहीं पहुंचे और फोन उठाना बंद कर दिया, तो परिजनों ने रात भर उनकी तलाश की। अगली सुबह 7 बजे जब दोबारा फोन किया गया, तो पुलिस ने कॉल उठाई और बताया कि कमल की बाइक और शव एक खुले निर्माण गड्ढे में मिले हैं। हादसे के वक्त कमल ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन गड्ढे की गहराई और लापरवाही उनकी जान पर भारी पड़ गई।

लापरवाही की इंतहा

यह घटना दिल्ली में बुनियादी ढांचे के निर्माण के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा कमियों को उजागर करती है। दिल्ली जल बोर्ड के इस गड्ढे के चारों ओर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण रात के अंधेरे में कमल अपनी बाइक समेत उसमें जा गिरे।

Updated on:
09 Apr 2026 04:51 pm
Published on:
09 Apr 2026 04:51 pm