नई दिल्ली

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में आतंकियों ने पुलिस कॉन्स्टेबल को मारी गोली, सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद सेना के इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2021, 9:36 PM IST
policeman shot dead by terrorists in srinagar jammu kashmir
policeman shot dead by terrorists in srinagar jammu kashmir

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सेना द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन के बावजूद आतंकी लोगों की हत्या कर रहे हैं। ताजा मामला जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर इलाके की है। यहां आज शाम आतंकियों ने एक 29 साल के पुलिसकर्मी की हत्या कर दी। इस घटना के बाद से सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिसकर्मी पर चलाईं गोलियां
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घटना श्रीनगर के बटमालू इलाके की है। रात करीब 8 बजे, आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के कॉन्स्टेबल तौसिफ अहमद पर बटमालू स्थित एसडी कॉलोनी में उसके आवास के पास गोलियां चलाईं। इससे पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए एसएमएचएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नेशनल कॉन्फ्रेंस की निंदा
कश्मीर में पुलिसकर्मी पर हुए इस हमले को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इस हमले की निंदा की। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ट्वीट किया कि श्रीनगर के बटमालू में 29 वर्षीय पुलिसकर्मी पर किए गए कायरतापूर्ण हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं, जिसमें उसने अपनी जान गंवा दी, अल्लाह उसकी आत्मा को शांति दे। इसके साथ ही नेशनल कॉन्फ्रेंस ने केंद्र सरकार पर कश्मीर को न संभाल पाने की बात कही है।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों से आतंकी घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। कुछ दिनों पहले कश्मीर में एक कश्मीर पंड़ित सहित कई स्थानीय लोगों की हत्या हुई थी। इसके बाद आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था। 24 घंटे में आतंकियों ने यूपी और बिहार के 4 मजदूरों की हत्या कर दी, जिससे रोजगार की तलाश में कश्मीर आए प्रवासी मजदूर घर वापसी करने लगे। इसके बाद से सेना कश्मीर में लगातार आतंकियों के खिलाफ अभियान चला रही है।

Published on: