नई दिल्ली

‘मेरी आवाज बंद कर दी’, राघव चड्ढा ने कहा- पार्टी असल मुद्दों से भटक गई थी, PM मोदी की जमकर की तारीफ

Raghav Chadha Joins BJP: राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। वह 6 सांसदों के साथ बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ की और AAP पर आवाज दबाने का आरोप लगाया।

2 min read
Raghav Chadha Joins BJP
राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी

Raghav Chadha Resigns AAP: आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने राजनीति के गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। राघव चड्ढा ने आप के 10 में से 6 राज्यसभा सांसदों (दो-तिहाई बहुमत) के साथ पार्टी छोड़ने और भाजपा में शामिल होने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। इसे अरविंद केजरीवाल के लिए अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

'पार्टी असल मुद्दों से भटक गई'

भाजपा में शामिल होते हुए राघव चड्ढा ने अपनी पूर्व पार्टी पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, 'जिस पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा, आज उसी ने मेरी आवाज को दबाना शुरू कर दिया था। आम आदमी पार्टी अब अपने उन बुनियादी उसूलों और असल मुद्दों से पूरी तरह भटक गई है, जिनके लिए हमने आंदोलन किया था।'

PM मोदी की जमकर की तारीफ

बीजेपी का पटका पहनते ही राघव चड्ढा के सुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए पूरी तरह बदल गए। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने बीते वर्षों में कई ऐसे साहसिक और कड़े फैसले लिए हैं, जिन्हें लेने से पहले की सरकारें हिचकिचाती थीं। उनके विजन और इच्छाशक्ति की वजह से आज देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है।'

सांसदों के टूटने से संकट में 'आप'

राघव चड्ढा के इस बड़े कदम के बाद आम आदमी पार्टी के खेमे में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। स्वाति के साथ-साथ पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजेंद्र गुप्ता जैसे दिग्गज नेताओं ने भी 'आप' को अलविदा कहकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। एक साथ इतने बड़े चेहरों का पार्टी छोड़ना अरविंद केजरीवाल के लिए एक ऐतिहासिक और निर्णायक झटका माना जा रहा है, जिससे राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का वजूद अब संकट में नजर आ रहा है।

केजरीवाल के करीबी थे राघव

बता दें कि राघव चड्ढा को अरविंद केजरीवाल का बेहद करीबी और भरोसेमंद सिपहसालार माना जाता था। पंजाब चुनाव से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही है। ऐसे में उनका बीजेपी में जाना आम आदमी पार्टी के भविष्य के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर रहा है।

Updated on:
24 Apr 2026 04:37 pm
Published on:
24 Apr 2026 04:25 pm