ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट समेत कई सेवाएं हो जाएंगी ऑनलाइन। आरटीओ से भीड़ कम करने के लिए केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना। ऑनलाइन आवेदन से तमाम सेवाएं हो जाएंगी आसान, घर बैठे होगा काम।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। इससे वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी और उनकी बड़ी परेशानी दूर होगी। लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस हो या पर्मानेंट, या फिर वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) हासिल करना समेत आरटीओ से जुड़े तमाम काम, केंद्र सरकार ने इन्हें ऑनलाइन कर दिया है। केंद्र ने गुरुवार को 18 आरटीओ सेवाओं को डिजिटल करने के लिए एक अधिसूचना भी जारी की है।
सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में लिखा गया है, "नागरिकों को सुविधाजनक और परेशानी रहित सेवाएं प्रदान करने के लिए मंत्रालय कार्यान्वयन एजेंसियों को स्थापित करेगा। इनके माध्यम से संपर्क रहित सेवाओं का लाभ उठाने के लिए नागरिकों को आधार कार्ड की जरूरत होगी। इससे अवगत कराने के लिए मीडिया और व्यक्तिगत नोटिस के माध्यम से व्यापक प्रचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।"
आधार को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के साथ जोड़ने के लिए केंद्र द्वारा एक मसौदा अधिसूचना जारी किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
इसका मतलब यह है कि आपको अपने वाहन संबंधी कार्यों को कराने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) जाने की जरूरत नहीं होगी। इसके बजाय, एक व्यक्ति को घर बैठे आधार-लिंक्ड प्रमाणीकरण से एक क्लिक के माध्यम से कुछ सेवाओं को प्राप्त करने का लाभ लेने में मदद करेगा।
इस सूची में शामिल सेवाओं में लर्निंग लाइसेंस (गाड़ी चलाने का परीक्षण आवश्यक नहीं), ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट में पता बदलना, अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट जारी करना, लाइसेंस से वाहन की श्रेणी को सरेंडर करना, मोटर वाहन के अस्थायी पंजीकरण के लिए आवेदन, पूरी तरह से निर्मित बॉडी के साथ मोटर वाहन के पंजीकरण के लिए आवेदन हैं।
अन्य सेवाओं में डुप्लिकेट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी करने के लिए आवेदन, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, मोटर वाहन के स्वामित्व के हस्तांतरण की सूचना, मोटर वाहन के स्वामित्व के हस्तांतरण के लिए आवेदन, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट में पते के परिवर्तन की सूचना, मान्यता प्राप्त चालक प्रशिक्षण केंद्र से चालक प्रशिक्षण के पंजीकरण के लिए आवेदन, राजनयिक अधिकारी के मोटर वाहन के पंजीकरण के लिए आवेदन, राजनयिक अधिकारी के मोटर वाहन के नए पंजीकरण चिह्न के असाइनमेंट के लिए आवेदन, हायर-परचेज अनुबंध की समाप्ति-खरीद का समापन समझौता शामिल है।