नई दिल्ली

‘AAP-कांग्रेस के पास कोई काम नहीं’, वायरल वीडियो पर भड़कीं दिल्ली CM रेखा गुप्ता, बोलीं- मेरे काम देखिए

Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वायरल वीडियो को लेकर AAP और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष को कामकाज पर चर्चा करने की चुनौती दी और पंजाब में अपराध, आत्महत्या तथा ड्रग माफिया के मुद्दे उठाए।
2 min read
Rekha Gupta Viral Video
वायरल वीडियो पर भड़कीं दिल्ली CM रेखा गुप्ता, फोटो सोर्स- ANI

Delhi Government Work: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर निशाना साधा। एक वायरल वीडियो को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि AAP और कांग्रेस के पास कोई काम नहीं है और वे दिल्ली सरकार के कामकाज पर चर्चा करने के बजाय सिर्फ मुख्यमंत्री पर ध्यान दे रहे हैं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं सिर्फ इतना कह सकती हूं कि AAP और कांग्रेस के लोग खाली बैठे हैं। उनके पास कोई काम नहीं है। अगर वे सिर्फ दिल्ली की मुख्यमंत्री पर ध्यान दे रहे हैं, तो मेरे साथ हर जगह चलें। उन्हें कुछ देखना है तो हमारे काम देखें। यहां जो अच्छे काम हो रहे हैं, उन पर वे चर्चा नहीं करते।

पंजाब में अपराध और ड्रग माफिया का मुद्दा उठाया

मुख्यमंत्री ने पंजाब की स्थिति का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं, लोग आत्महत्या कर रहे हैं और ड्रग माफिया सक्रिय है, लेकिन विपक्ष इन मुद्दों पर बात नहीं करता। रेखा गुप्ता ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में एक प्रोफेसर पर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार और उनका शोषण करने के आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मामलों पर भी चर्चा नहीं करता। हालांकि, ये सभी आरोप मुख्यमंत्री ने अपने बयान में लगाए हैं।

रामलीला कार्यक्रम में भी शामिल हुईं रेखा गुप्ता

इससे पहले 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली के DDA रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। यह आयोजन सनातन संस्कारम परिवार की ओर से ‘सनातन संस्कारम- परंपरा से भविष्य तक’ थीम के तहत किया गया था। मुख्यमंत्री ने श्रद्धा के साथ भगवान राम की लीला का मंचन देखा और उनकी भव्य शोभायात्रा में भी हिस्सा लिया।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा और कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्रराज सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने रामलीला के भव्य आयोजन की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

'बुराई कितनी भी शक्तिशाली हो, जीत सत्य और धर्म की होती है'

रेखा गुप्ता ने कहा कि रामलीला का आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि हर साल रामलीला का मंचन और दशहरे पर रावण दहन हमें याद दिलाता है कि अंत में सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर जीत होती है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नवरात्रि में पूजा और विजयादशमी का त्योहार यह संदेश देते हैं कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न दिखाई दे, अंतिम विजय सत्य और धर्म की ही होती है।

Updated on:
15 Oct 2026 05:10 pm
Published on:
15 Oct 2026 05:10 pm