
Kolathur Election Results 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों में सबसे चौंकाने वाला उलटफेर मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर में देखने को मिल रहा है। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के इस अभेद्य किले में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी, 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने बड़ी सेंध लगा दी है। टीवीके के उम्मीदवार और अनुभवी राजनेता वीएस बाबू वर्तमान में मुख्यमंत्री स्टालिन से 7,000 से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
75 वर्षीय वीएस बाबू ने इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, बाबू फिलहाल 7,361 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं। बता दें कि कोलाथुर लंबे समय से डीएमके का गढ़ रहा है, लेकिन टीवीके की मौजूदगी ने यहां के समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं।
आपको बता दें कि कोलाथुर सीट से चर्चा में आए 75 वर्षीय वीएस बाबू एक अनुभवी राजनेता हैं, जिन्होंने साल 2006 में डीएमके के टिकट पर पुरासवलकम निर्वाचन क्षेत्र से 90,000 से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की थी। दो दशकों से अधिक का राजनीतिक अनुभव रखने वाले बाबू ने 7 फरवरी, 2026 को डीएमके का साथ छोड़कर अभिनेता विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) का दामन थाम लिया था। 2026 के चुनावी हलफनामे के अनुसार ₹3.7 करोड़ की संपत्ति घोषित करने वाले वीएस बाबू की वर्तमान बढ़त के पीछे राज्य में सत्ता विरोधी लहर और युवाओं के बीच विजय की जबरदस्त लोकप्रियता को मुख्य वजह माना जा रहा है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था, जहां स्टालिन लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल कोलाथुर में अन्य उम्मीदवारों में एआईएडीएमके के पी. संथाना कृष्णन और नाम तमिलर काची के सुंदर पांडियन भी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला अब वीएस बाबू और स्टालिन के बीच सिमट गया है।