नई दिल्ली

सोना, नकद और मुफ्त सिलेंडर: क्या विजय के घोषणापत्र ने बदल दी तमिलनाडु की किस्मत? रुझानों में TVK का जादू

Tamil Nadu Election Results 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में अभिनेता विजय की पार्टी TVK का ऐतिहासिक प्रदर्शन। जानें उन 95 पन्नों के घोषणापत्र के मुख्य वादे-जैसे महिलाओं को मासिक भत्ता, मुफ्त गैस सिलेंडर, और युवाओं के लिए 5 लाख नौकरियां-जिन्होंने राज्य में दशकों पुराने द्रविड़ वर्चस्व को चुनौती दी है।

2 min read
Tamil Nadu Election Results 2026
रुझानों में TVK का जादू

Tamil Nadu Election Results 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के रुझानों ने पूरे देश को चौंका दिया है। अभिनेता थलपति विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने राज्य की 234 सीटों में से 105 पर बढ़त बनाकर डीएमके और एआईएडीएमके के दशकों पुराने वर्चस्व को हिला कर रख दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनकी पार्टी का 95 पन्नों का वह घोषणापत्र है, जिसने युवाओं, महिलाओं और किसानों के दिल को छू लिया है।

ईमानदार प्रशासन और 'तिरुक्कुरल' का सिद्धांत

विजय ने चुनावी अभियान के दौरान साफ किया था कि उनकी राजनीति तमिल ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' के सिद्धांतों सद्गुण, धन और आनंद पर आधारित है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए जनता को एक ऐसे प्रशासन का भरोसा दिलाया जो झूठे वादों के बजाय पारदर्शिता और ईमानदारी से काम करेगा।

महिलाओं के लिए 'पोटली' में क्या था खास?

  • नकद सहायता: परिवार की महिला मुखियाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद।
  • मुफ्त गैस: साल में 6 एलपीजी सिलेंडर पूरी तरह मुफ्त।
  • शगुन और उपहार: हर दुल्हन को एक सोने का सिक्का व सिल्क की साड़ी, और नवजात की मां को सोने की अंगूठी।
  • शिक्षा प्रोत्साहन: स्कूल ड्रॉपआउट कम करने के लिए बेटियों की माताओं को सालाना 15,000 रुपये की सहायता।
  • सुरक्षा: महिला सुरक्षा के लिए अलग सरकारी विभाग और विशेष अदालतों का गठन।

युवाओं के लिए रोजगार और भत्तों की गारंटी

बेरोजगारी को मुद्दा बनाते हुए विजय ने युवाओं के लिए बड़े ऐलान किए थे:

  • बिना गारंटी लोन: छात्रों के लिए 20 लाख रुपये तक का कोलैटरल-फ्री एजुकेशन लोन।
  • बेरोजगारी भत्ता: ग्रेजुएट्स को 4,000 रुपये और डिप्लोमा धारकों को 2,500 रुपये प्रति माह।
  • ग्रामीण रोजगार: "सीएम पीपल सर्विस एसोसिएट" कार्यक्रम के जरिए ग्राम स्तर पर 5 लाख युवाओं को 18,000 रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी।
  • स्थानीय आरक्षण: 75% स्थानीय लोगों को नौकरी देने वाली कंपनियों को जीएसटी और बिजली बिल में विशेष छूट।

किसानों के लिए कर्ज माफी और MSP का वादा

खेती-किसानी के संकट को दूर करने के लिए TVK ने 'मास्टरस्ट्रोक' चला:

  • कर्ज माफी: 5 एकड़ तक वाले किसानों का 100% और उससे अधिक जमीन वालों का 50% सहकारी कृषि कर्ज माफ करने का वादा।
  • MSP की कानूनी गारंटी: धान के लिए 3,500 रुपये और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य।
  • काश्तकार अधिकार कार्ड: खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों को 10,000 रुपये की सीधी वित्तीय सहायता।

इन वादों ने तमिलनाडु के चुनावी समीकरणों को पूरी तरह से बदल दिया है, जिसका असर आज मतगणना के रुझानों में साफ नजर आ रहा है।

Published on:
04 May 2026 03:46 pm