नई दिल्ली

शादी के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए तेजस्वी यादव, बताई अपनी पत्नी राशेल का नाम बदलने की सच्चाई

शादी के बाद अब तेजस्वी यादव पहली बार मीडिया के सामने आए हैं और पत्नी का नाम बदलने से लेकर उनके धर्म परिवर्तन जैसी सभी बातों को उन्होंने अफवाह बताया है।
2 min read
• •
Updated: 14 Dec 2021, 10:49 PM IST
tejashwi yadav told the truth about changing the name of wife rachel
tejashwi yadav told the truth about changing the name of wife rachel

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इन दिनों सुर्खियों में हैं। दरअसल, तेजस्वी यादव ने हाल ही में अपनी दोस्त एलेक्सिस उर्फ राशेल गोडिन्हो से शादी कर ली है। इसके बाद से लगातार खबरें सामने आ रही हैं कि तेजस्वी यादव की दुल्हन ईसाई धर्म से ताल्लुक रखती हैं, यही वजह है कि तेजस्वी यादव के पिता और बिहार के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पहले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद राशेल ने शादी से पहले हिंदू धर्म स्वीकार किया, तब जाकर लालू यादव और राबड़ी देवी इस शादी के लिए राजी हुए। वहीं शादी के बाद अब तेजस्वी यादव पहली बार मीडिया के सामने आए हैं और पत्नी का नाम बदलने से लेकर उनके धर्म परिवर्तन जैसी सभी बातों को उन्होंने अफवाह बताया है।

अपनी शादी के बारे में बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मेरी पत्नी को लेकर कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने धर्म परिवर्तन किया है जबकि ऐसा नहीं है। मेरी पत्नी के नाम पर किसी और की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तेजस्वी यादव ने बताया कि वायरल तस्वीर उस समय की है जब मैं क्रिकेट खेलता था।

उन्होंने आगे कहा कि जब में क्रिकेट खेलता था तो अक्सर लोग मेरी साथ तस्वीर खिचाते थे, लेकिन अगर ऐसे मौके पर पुरानी तस्वीरें निकालकर उनपर कुछ भी दावा करना गलत है। जिससे मैंने शादी की है वो दूसरी लड़की है। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने इस तरह की खबरों को फैलाने से रोकने की अपील भी की है।

इस दौरान मीडिया ने तेजस्वी यादव से अचानक शादी करने का फैसला लेने पर सवाल पूछा। इसके जवाब में तेजस्वी यादव ने कहा कि दोनों परिवार राजी थे तो हमने शादी कर ली। वहीं कोरोना महामारी के चलते हमने बहुत खास दोस्तों और रिश्तेदारों को ही शादी में शामिल होने का न्योता दिया था। उन्होंने कहा कि बिहार में लालू यादव के बहुत चाहने वाले है। ऐसे में अगर परिवार में बहू आई है तो बहू भोज का आयोजन होगा ही, लेकिन अभी इस बारे में मैं कोई जानकारी नहीं दे सकता। जल्द ही आपको इस बारे में जानकारी मिल जाएगी।

बता दें कि तेजस्वी यादव की शादी के बाद से उनकी पत्नी को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही थीं। वहीं उनके मामा साधु यादव ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा था कि लालू यादव ने अपने बच्चों को संस्कार नहीं दिए। इस पर तेजप्रताप यादव ने उन्हें बिहार आकर जवाब देने की बात कही थी।

Published on: